जम्मू और कश्मीर

Jammu Kashmir:खुदाई के दौरान मिली माँ भद्रकाली की प्राचीन मूर्ति

Sarita
9 Jan 2026 6:42 AM IST
Jammu Kashmir:खुदाई के दौरान मिली माँ भद्रकाली की प्राचीन मूर्ति
x
Jammu Kashmir: जिला राजौरी के चिंगस क्षेत्र के कल्लर इलाके के वार्ड नंबर तीन में गुरुवार को उस समय एक अजीबोगरीब लेकिन आस्था से जुड़ा मामला सामने आया, जब खुदाई के दौरान एक प्राचीन मूर्ति मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी अनायत हुसैन, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद अपनी जमीन से जुड़े कारोबार को संभाल रहे हैं, अपनी जमीन पर खुदाई करवा रहे थे। इसी दौरान खुदाई में एक पत्थर की मूर्ति दिखाई दी। मूर्ति दिखते ही अनायत हुसैन ने तुरंत आसपास के स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी।
जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि यह मूर्ति हिंदू समुदाय की आस्था से जुड़ी हुई है। इसके बाद मौके पर पुजारी और शास्त्रों के जानकारों को बुलाया गया। पुजारी और विद्वानों ने मूर्ति का अवलोकन करने के बाद बताया कि यह माँ भद्रकाली की मूर्ति है|मूर्ति मिलने की खबर फैलते ही हिंदू समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कौशल शर्मा, शमशेर सिंह सहित अन्य स्थानीय निवासियों ने पुजारी के साथ मिलकर विधिवत
पूजा-अर्चना
की। मौके पर धार्मिक माहौल बन गया और लोगों ने शांति एवं श्रद्धा के साथ पूजा संपन्न की।
स्थानीय लोगों ने यह भी इच्छा जताई कि आगे और खुदाई की जाए, ताकि यदि वहां और भी कोई प्राचीन मूर्तियां या अवशेष मौजूद हों तो वे भी सामने आ सकें। उनका मानना है कि यह स्थान किसी प्राचीन धार्मिक स्थल का हिस्सा हो सकता है।इस पूरे घटनाक्रम में सबसे खास बात यह रही कि मूर्ति मिलने के बाद इलाके में आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। अनायत हुसैन द्वारा तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना देना और सभी समुदायों द्वारा मिलकर इस खोज को सम्मान देना, क्षेत्र में सामाजिक एकता की मिसाल बना।
Next Story