जम्मू और कश्मीर

जम्मू में ठिठुरन बढ़ी, कई जिलों में दिन का पारा 8 डिग्री तक गिरा, आज बारिश-बर्फबारी के आसार

Renuka Sahu
18 Jan 2022 4:04 AM GMT
जम्मू में ठिठुरन बढ़ी, कई जिलों में दिन का पारा 8 डिग्री तक गिरा, आज बारिश-बर्फबारी के आसार
x

फाइल फोटो 

चिल्ले कलां के आखिरी दौर में जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज फिर बदला है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। चिल्ले कलां के आखिरी दौर में जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज फिर बदला है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में सोमवार को बादल छाए रहे। जम्मू के कई इलाके कोहरे के आगोश में रहे। मौसम में बदलाव से कई जिलों में दिन का तापमान गिरा है। पिछले दिनों खराब मौसम के बाद रामबन में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार प्रभावित हो रहा है। मगरकोट, रामसू में पस्सियां गिरने से रोके गए यातायात को शाम को बहाल किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 18 और 19 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

जम्मू संभाग के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 6 से 8 डिग्री तक गिर गया है। जम्मू में दिन भर बादलों के छाने के साथ ओस पड़ती रही। इससे ठंड में वृद्धि हुई है। सर्दी का बाजारों पर भी असर दिख रहा है। यहां दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री गिरकर 10.3 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग के बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान 3.4, बटोत में 5.1, कटड़ा में 7.2 और भद्रवाह में 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कटड़ा में बीती रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री गिरकर 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में बीती रात का न्यूनतम तापमान 1.0, पहलगाम में माइनस 3.6 और गुलमर्ग में माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह और कारगिल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां दिन और रात का तापमान शून्य डिग्री से नीचे चल रहा है। लेह में दिन का पारा माइनस 0.3 और बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कारगिल में दिन का तापमान माइनस 5.2 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Next Story