जम्मू और कश्मीर

जम्मू- कश्मीर में आज बारिश और बर्फबारी के आसार, तापमान में गिरावट के साथ बढ़ी ठंड

Renuka Sahu
17 Jan 2022 3:31 AM GMT
जम्मू- कश्मीर में आज बारिश और बर्फबारी के आसार, तापमान में गिरावट के साथ बढ़ी ठंड
x

फाइल फोटो 

प्रदेश के कई जिलों में रविवार को बादल छाए रहने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। प्रदेश के कई जिलों में रविवार को बादल छाए रहने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के अनुसार प्रदेश में अगले 24 घंटों में जम्मू संभाग में मौसम शुष्क ही बना रहेगा लेकिन कश्मीर में कई जगह बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 19 जनवरी से प्रदेश में अधिकतर जगह बारिश, बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं रविवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग श्रीनगर से जम्मू की तरफ एकतरफा खुला रहा।

जम्मू जिले में अधिकतम तापमान में सामान्य से 5.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। वहीं श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 की गिरावट के साथ 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भद्रवाह में भी अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। यहां पर अधिकतम तापमान रविवार को 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रविवार को जम्मू समेत संभाग के अधिकतर जिलों में आसमान पर बादल छाए रहने से कड़ाके की ठंड रही। कश्मीर की बात करें तो श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान 8.4 और न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पहलगाम में दिन का अधिकतम तापमान 7.9 और न्यूनतम तापमान माइनस 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
यातायात पुलिस मुख्यालय के अनुसार सोमवार 17 जनवरी को मौसम साफ रहने पर जम्मू से श्रीनगर की तरफ हल्के यात्री वाहनों, निजी कारों को जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एकतरफा चलने की अनुमति होगी।
Next Story