जम्मू और कश्मीर

Amarnath Yatra: हाई अलर्ट, सीमा से लेकर हाईवे तक भारी सुरक्षा बल तैनात

Sarita
24 Jun 2025 12:07 PM IST
Amarnath Yatra: हाई अलर्ट, सीमा से लेकर हाईवे तक भारी सुरक्षा बल तैनात
x
Amarnath Yatra: श्री बाबा अमरनाथ यात्रा 2025 को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। खासकर हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। इस संवेदनशील स्थिति में कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, क्योंकि यह इलाका अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा होने के साथ-साथ जम्मू-पठानकोट हाईवे पर प्रमुख स्थान पर स्थित है। यही वजह है कि सुरक्षा एजेंसियों ने यहां की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है। रविवार शाम को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (
एसओजी
), सीआरपीएफ, सीआईएसएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने हीरानगर के लौंडी मोड़ चेक पोस्ट पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान हर वाहन को रोककर उसमें बैठे लोगों की पहचान, वाहन के दस्तावेज और सामान की गहनता से जांच की गई। कोई भी संदिग्ध तत्व या वस्तु दिखते ही तुरंत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जवानों को यात्रा से जुड़े हर वाहन की गंभीरता से तलाशी लेने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। हीरानगर सेक्टर की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है।
सीमा से सटे गांवों से लेकर हाईवे तक हर गली, हर मोड़, हर रास्ते पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा बलों की ओर से पैदल गश्त भी बढ़ा दी गई है और स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से इस बार अमरनाथ यात्रा काफी चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है। प्रशासन ने हर स्थिति से निपटने की रणनीति तैयार कर ली है। ड्रोन की मदद से संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है। हीरानगर सेक्टर के कुछ हिस्सों में हाई डेफिनेशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो सीधे कंट्रोल रूम को फीड भेज रहे हैं। हीरानगर के सीमावर्ती इलाकों में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और सेना भी हाई अलर्ट पर है।
अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे रास्तों पर विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, ताकि किसी भी संभावित घुसपैठ या आतंकी गतिविधि को पहले ही रोका जा सके। सभी एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है और फील्ड अफसरों को नियमित ब्रीफिंग दी जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि अमरनाथ यात्रा आस्था का महापर्व है और इसमें किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार और सुरक्षा एजेंसियां ​​श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हीरानगर सेक्टर में हर मोर्चे पर सतर्कता बरती जा रही है, ताकि बाबा बर्फानी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालु बेफिक्र होकर अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
Next Story