जम्मू और कश्मीर

लंबे इंतजार के बाद जम्मू कश्मीर में शुरू हुआ दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे के पहले चरण का काम

Sarita
14 July 2022 12:07 PM IST
After a long wait, the work of the first phase of Delhi-Katra Expressway started in Jammu and Kashmir.
x

फाइल फोटो 

लंबे इंतजार के बाद दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेस वे के पहले चरण का काम जम्मू-कश्मीर में शुरू हो गया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। लंबे इंतजार के बाद दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेस वे के पहले चरण का काम जम्मू-कश्मीर में शुरू हो गया है। इसकी जद में आने वाली जमीनों की हदबंदी करते हुए आउटलाइन तैयार कर दी गई है। नेशनल एक्सप्रेस-वे 5 के नाम से जाना जाने वाला यह एक्सप्रेस-वे पंजाब के सुंदरचक से सटे जम्मू-कश्मीर के रामनगर कीड़ियां इलाके से प्रदेश में दाखिल हो रहा है। इसके बाद यह कीड़ियां गंडियाल पुल के नजदीक से होता हुआ खोख्याल से सक्ताचक की ओर हाईवे के पास निकलेगा।

परियोजना के पैकेज-14 के तहत रामनगर कीड़ियां और सक्ताचक से काम जल्द रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है। राजस्व विभाग ने जिले में नेशनल हाईवे प्राधिकरण की ओर से जारी हुई पहली किस्त में से 145 करोड़ रुपये की राशि बतौर मुआवजा वितरित कर दी है। वहीं, इसी मद में 150 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त भी जारी कर दी गई है। कुल 37 गांवों के ग्रीन फील्ड एरिया में जमीनों का मुआवजा वितरित किया जा रहा है। इसके तहत 606 करोड़ 94 लाख से अधिक के अनुमानित मुआवजे में से अब लगभग 550 करोड़ रुपये मुआवजा के तौर पर फाइनल कर लिए गए हैं। खड्डों और सरकारी जमीनों के मुआवजे को इसमें से हटाया गया है। एक्सप्रेस-वे की आउटलाइन से साफ है कि अधिगृहित क्षेत्र किसी एयरपोर्ट के रनवे की तरह ही चौड़ा और सपाट होगा।
कठुआ जिले का 407 एकड़ क्षेत्र एक्सप्रेस-वे में आएगा
कठुआ जिले में ग्रीन फील्ड यानी खेत, बाग वाला 165 हेक्टेयर (407 एकड़) इलाका दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस-वे की जद में आएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से पैकेज 14 के अधीन आने वाले गांवों के लिए दो करोड़ व पैकेज-15 में आने वाले गांवों के लिए 100 करोड़ की मुआवजा राशि अब तक जारी की गई है। प्रदेश के कुल 279 गांवों से होकर गुजरने वाला यह एक्सप्रेस-वे कठुआ जिले में 43.4 किलोमीटर लंबा होगा। पैकेज-14 के तहत रामनगर कीड़ियां इलाके से धलौटी तक का काम एक ठेकेदार, जबकि इससे आगे कूटा तक काम दूसरे ठेकेदार को आवंटित किया जा चुका है।
ब्राउन फील्ड के 3डी की प्रक्रिया हुई पूरी
ग्रीन फील्ड के बाद प्रशासन जिले के ब्राउन फील्ड वाले गांव की 3डी प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। इन गांवों में जमीनों और ढांचों का आधिकारिक अधिग्रहण किया गया है। इसके बाद इनके मालिकों के अधिकार भी समाप्त हो जाएंगे। इसके बाद हाईवे प्राधिकरण की ओर से दिल्ली कटड़ा एक्सप्रेस वे के ब्राउन फील्ड के ढांचों और इलाके के लिए मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। ब्राउन फील्ड में रिहायशी, व्यावसायिक और अन्य ढांचे शामिल हैं। जिले में सबसे अधिक तोड़-फोड़ इन्हीं इलाकों में होनी है।
बिजली, पानी सहित विभागों के ढांचों को शिफ्ट करने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा जिन जमीनों का मुआवजा वितरित हो चुका है, उनका कब्जा लिया जा रहा है। ठेकेदारों को काम आबंटित कर दिया गया है। निर्माण सभी ठेकेदार एक साथ काम शुरू करेंगे। जिस तिथि से यह होगा, उन्हें उस तिथि से दो साल की अवधि में निर्माण को पूरा करना होगा। कठुआ जिले में मुआवजा वितरण के लिए तीन सौ करोड़ की राशि जारी की जा चुकी है।
Next Story