हिमाचल प्रदेश

Weather: देशभर में मौसम ने बदला रुख, हिमाचल में बादल फटा; कई राज्यों में अलर्ट

Tara Tandi
25 May 2025 1:25 PM IST
Weather: देशभर में मौसम ने बदला रुख, हिमाचल में बादल फटा; कई राज्यों में अलर्ट
x
Weather Update : देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। इस बार केरल में मानसून तय समय से पहले पहुंच गया है, जबकि उत्तर भारत के राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है, जबकि दिल्ली-एनसीआर में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। उधर, राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी अभी भी कहर बरपा रही है।
राजधानी दिल्ली में तापमान में गिरावट, भारी बारिश से जलभराव
दिल्ली और एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। शनिवार देर रात आई तेज बारिश और आंधी से लोगों को राहत मिली, लेकिन जलभराव से परेशानी भी बढ़ गई। मौसम विभाग ने इस क्षेत्र के लिए पहले ही रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
बादल फटने से तबाही, अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में शनिवार शाम बादल फटने की घटना हुई, जिससे भारी नुकसान हुआ। रामपुर के निकट जगातखाना क्षेत्र में कई वाहनों के बह जाने का खतरा है। प्रशासन ने नदियों के किनारे रहने वाले लोगों से सावधान रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने 25 और 26 मई को सिरमौर, सोलन, शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी दी है, जबकि 27-28 मई को पूरे राज्य में तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे) और बिजली गिरने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
इस राज्य में दस्तक दे रहा है मानसून, कई जिलों में रेड अलर्ट
केरल में मानसून आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। शनिवार को भारी बारिश और हवाओं के कारण कई जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। बिजली आपूर्ति ठप हो गई और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौसम विभाग ने कन्नूर और कासरगोड में रेड अलर्ट तथा शेष 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को भी पांच जिलों में रेड अलर्ट और नौ में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा, जबकि सोमवार को 11 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में जारी रहेगी बारिश
उत्तर प्रदेश में भी बारिश जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी और पश्चिमी भागों में आंधी-तूफान की संभावना जताई है। हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और बिजली गिरने की भी संभावना है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में 27 से 30 मई तक बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, रेड अलर्ट जारी
राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर अभी भी जारी है। शनिवार को बाड़मेर में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अगले 2-3 दिन तक अजमेर, जयपुर और कोटा संभाग में तापमान 45-47 डिग्री रहने का अनुमान है। हालांकि, आने वाले दिनों में पूर्वी हवाएं कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं ला सकती हैं।
Next Story