हिमाचल प्रदेश

परिवहन निगम की बस दुर्घटनाग्रस्त, मैकेनिक की मौत

Gulabi Jagat
9 Oct 2023 10:39 PM IST
परिवहन निगम की बस दुर्घटनाग्रस्त, मैकेनिक की मौत
x
चंबा: जिला के जनजातीय उपमंडल पांगी के सुराल मार्ग पर सोमवार शाम परिवहन निगम की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से इसमें सवार मैकेनिक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में दो ही लोग सवार थे। घायल बस चालक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल किलाड लाया जा रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके की ओर रवाना हो गई है। जानकारी के अनुसार परिवहन निगम की सुराल रूट की बस बीच राह में कनवास के पास खराब हो गई थी।
इस बस को ठीक करने के लिए मैकेनिक सोमराज मौके पर गया हुआ था। जहां सोमवार शाम मुरम्मत कार्य के उपरांत ट्रायल दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। परिणामस्वरूप इसमें सवार मैकेनिक सोमराज की मौत हो गई। घायल चालक का नाम ओम प्रकाश बताया गया है। बस गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित करने के साथ ही राहत व बचाव कार्य आरंभ करते हुए चालक को उठाकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस टीम मौके पर कार्रवाई में जुटी हुई थी। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर चंबा जितेंद्र चौधरी ने घटना की पुष्टि की है।
Next Story