- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Solan: भीषण आग की...
हिमाचल प्रदेश
Solan: भीषण आग की घटना, मजदूरों की 23 झोपड़ियां जलकर राख
Sarita
20 Jun 2025 9:49 AM IST

x
Solan सोलन: सोलन जिला के अंतर्गत बद्दी के टोल बैरियर के पास गुरुवार को भीषण आग लग गई, जिसमें 23 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार आग दोपहर करीब 12 बजे लगी और तेजी से फैल गई, जिससे कुछ ही देर में सभी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। उधर, घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तीन दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
इन झोपड़ियों में प्रवासी ठेकेदार भगवान दास के श्रमिक रह रहे थे। इस अग्निकांड में श्रमिक नेत्र पाल, शेखर, अवधेश, शेर पाल, सतेंद्र, नरबीर, मुनीष, संदीप, राम निवास, भूरे राम, विक्रम, भगवान दास, अजीत, विकास, इंद्रजीत, आदेश, विनोद, अक्षय, प्रदीप, पुष्पेंद्र, धर्मवीर, आदेश और देशपाल की झोपड़ियां पूरी तरह से जलकर राख हो गईं। ठेकेदार भगवान दास ने बताया कि उसने बैंक की किस्त भरने के लिए 1,85,000 रुपए नकद रखे थे, जो आग में जलकर खाक हो गए हैं।
यह पैसे उसने कुछ बैंकों से निकाले थे और कुछ लोगों से उधार लिए थे। तहसीलदार सतेंद्र जीत सिंह ने बताया कि जब झोपड़ियों में आग लगी तो सभी मजदूर गर्मी के कारण पेड़ों के नीचे बैठे थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि मजदूरों के कपड़े, अनाज और नकदी पूरी तरह जल गई है। प्रशासन इन सभी प्रभावित मजदूरों के रहने और खाने की व्यवस्था कर रहा है।
Next Story





