हिमाचल प्रदेश

Sirmaur: मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स में मिली नशे की खेप, 2 तस्कर गिरफ्तार

Sarita
25 July 2025 10:48 AM IST
Sirmaur: मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स में मिली नशे की खेप, 2 तस्कर गिरफ्तार
x
Sirmaur सिरमौर: सिरमौर जिले में नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए पुलिस का अभियान जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने स्मैक के साथ 2 बाइक सवारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि 2 स्थानीय व्यक्ति स्मैक का कारोबार करते हैं। ये दोनों मोटरसाइकिल पर पांवटा साहिब की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने नाकाबंदी कर यमुनानगर रोड से पांवटा साहिब की ओर आ रहे मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। इस दौरान मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम अदरीश पुत्र नूर मोहम्मद निवासी भगवानपुर, डाकघर पुरुवाला, तहसील पांवटा साहिब और पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम शमशेर अली पुत्र रोशन अली निवासी गाँव मिश्रावाला, डाकघर माजरा, तहसील पांवटा साहिब बताया।
पुलिस ने जब उनकी और मोटरसाइकिल की तलाशी ली तो मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स से 8.4 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।एसपी एनएस नेगी ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
Next Story