हिमाचल प्रदेश

किन्नौर जिले के निगुलसरी में भूस्खलन होने के संकेत, जिला प्रशासन अलर्ट

Gulabi Jagat
17 July 2022 7:43 AM GMT
किन्नौर जिले के निगुलसरी में भूस्खलन होने के संकेत, जिला प्रशासन अलर्ट
x
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सो में शनिवार रात से बारिश का दौर जारी है
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सो में शनिवार रात से बारिश का दौर जारी है। बिलासपुर जिले में लगातार भारी बारिश हो रही है। इससे जगह-जगह नुकसान की सूचनाएं हैं। नौणी गांव में भारी नुकसान हुआ है। चंडीगढ-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ लगते प्रेम लाल के कच्चे मकान की दीवारें गिर गई हैं। साथ ही राजमार्ग के किनारे लगा डंगा उनके पक्के मकान पर गिर गया।
इसके अलावा राजेश कुमार के मकान में नाले का पानी मलबे सहित घुस गया। गनीमत रही कि आपदा में कोई भी जानी नुक्सान नहीं हुआ है। हालांकि पीड़ित परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं राजमार्ग पर मलबा आने से यातायात भी बाधित हो गया, लेकिन थोड़ी देर में ही जेसीबी के माध्यम से मलबे को हटाकर यातायात को बहाल करवा दिया गया है।
मंडी जिले के गोहर उपमंडल के स्यांज बाजार में भारी बारिश से पेड़ उखड़कर पुल पर गिर गए। बिजली की तारें टूट गई हैं। क्षेत्र में अंधेरा पसर गया है। मक्की की खड़ी फसल भी खेतों में धराशायी हो गई है।
किन्नौर जिले के निगुलसरी भूस्खलन प्वाइंट के पास भूस्खलन निगरानी प्रणाली द्वारा भूस्खलन होने के संकेत मिलने पर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। उक्त भूस्खलन प्वाइंट के दोनो ओर सुरक्षा को लेकर पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। एसडीएम निचार ने आदेश जारी किए हैं कि सुबह 6 बजे से लेकर देर शाम 8 बजे तक एनएच-5 पर वाहनों की आवाजाही होगी।

Source: amarujala.com

Next Story