हिमाचल प्रदेश

Shimla: भूस्खलन की चपेट में आकर गहरी खाई में गिरी जेसीबी, चालक की मौत

Sarita
3 Aug 2025 9:14 AM IST
Shimla: भूस्खलन की चपेट में आकर गहरी खाई में गिरी जेसीबी, चालक की मौत
x
Shimla शिमला: मानसून की बारिश राज्य में कहर बरपा रही है। भूस्खलन के साथ-साथ अन्य भयावह तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक हादसा आज शिमला जिले के कुमारसैन में शिमला-रामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने आया है, जहां एक जेसीबी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है, जिसमें ऑपरेटर की मौत हो गई है। इसका लाइव वीडियो सोशल साइट्स पर खूब वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, कुमारसैन थाना के अंतर्गत भराड़ा के शनांद में नोग कैंची के पास दोपहर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां पांच पहाड़ियों से चट्टानें गिरने के कारण राजमार्ग करीब एक बजे से अवरुद्ध था। इसे खोलने का काम जेसीबी मशीन द्वारा किया जा रहा था। अवरुद्ध मार्ग को खोलते समय अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर फिर से आया और जेसीबी से टकराकर कई सौ मीटर नीचे खाई में चला गया। इस हादसे के बाद राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सड़क खोलने का काम जेसीबी द्वारा किया जा रहा था और पहाड़ी से चट्टान गिरकर जेसीबी मशीन से टकरा गई और मशीन चालक सहित खाई में गिर गई। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को खाई से बाहर निकालकर कुमारसैन अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन चालक की मौत हो गई। सैकड़ों लोगों ने अपने सामने यह दर्दनाक मंजर देखा। कुमारसैन थाना प्रभारी ने बताया कि जेसीबी के खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के मंडी निवासी 55 वर्षीय दिनेश कुमार के रूप में हुई है।
Next Story