हिमाचल प्रदेश

खिलाड़ियों ने किया कमाल, लगातार 57 घंटे शतरंज खेल बनाया नया विश्व कीर्तिमान

Gulabi Jagat
14 Jun 2022 9:56 AM GMT
खिलाड़ियों ने किया कमाल, लगातार 57 घंटे शतरंज खेल बनाया नया विश्व कीर्तिमान
x
लगातार 57 घंटे शतरंज खेल बनाया नया विश्व कीर्तिमान

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से 32 किलोमीटर दूर ठियोग में शिमला जिला के छह खिलाड़ियों ने लगातार 57 घंटे तक शतरंज खेलकर नया विश्व कीर्तिमान बनाया है। यह खेल अब भी जारी है। खिलाड़ी 72 घंटे खेलकर इस कीर्तिमान को नई ऊंचाई तक ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। अभी तक 56 घंटे तक खेलने के लिए यह खिताब नार्वे के नाम था। हिल्स इंटरनेशनल होटल में यह खेल वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन के अधिकारी जसबीर सिंह की निगरानी में चल रहा है। प्रदेश शतरंज संघ के कार्यकारी अधिकारी रोमित वर्मा ने बताया कि रोहडू़ के चेस खिलाड़ी हितेश आजाद, विक्की आजाद, ठियोग के संजीव वेक्टा, अक्षय शोष्टा, अनिल शोष्टा और शिमला के दिलीप सिंह 57 घंटों से लगातार शतरंज की बिसात पर चालें दर्ज करवा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि आधिकारिक रूप से दर्ज की गई है। यह रिकॉर्ड खेल के तीन विभिन्न प्रारूपों बुलेट, बिल्ड्ज और रैपिड में बनाया गया है। संजीव वेक्टा और हितेश आजाद ने 350, अनिल शोष्टा और विक्की आजाद ने 150 और अक्षय शोष्टा और दलीप सिंह के मध्य 600 गेम खेली गई हैं। इस खेल का लाइव प्रसारण डॉट फॉलो चेस की साइट पर किया जा रहा है। शतरंज संघ जिला शिमला के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, उपाध्यक्ष सुनील ग्रोवर, प्रदेश संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीता राम शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एनएस गुलेरिया ने खिलाड़ियों और आयोजकों को बधाई दी है।

Next Story