हिमाचल प्रदेश

सर्द हवाओं से भरमौर सुन्न

Shantanu Roy
25 Feb 2024 11:51 AM GMT
सर्द हवाओं से भरमौर सुन्न
x
भरमौर। जनजातीय उपमंडल भरमौर के ऊंचाई पर बसे गांवों में शनिवार दोपहर बाद ताजा हिमपात हुआ है। जबकि निचले इलाकों में भी करीब एक घंटे तक बर्फबारी हुई है। लिहाजा जनजातीय क्षेत्र में मौसम की ओर से राहत मिलती नहीं दिख रही है। बहरहाल शनिवार शाम को बर्फबारी का दौर थम गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार को जनजातीय उपमंडल भरमौर में सुबह के वक्त मौसम साफ रहा और धूप भी खिली। दोपहर में अचानक मौसम के करवट बदलने को साथ ही आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया।
दोपहर बाद पहाड़ों और ऊंचाई पर बसे गांवों में हिमपात का दौर आरंभ हुआ। तापमान में लगातार गिरावट आने के साथ ही निचले इलाकों में भी हिमपात आरंभ हो गया। सूचना है कि ऊंचाई पर बसे गांवों में शनिवार को तीन से चार इंच ताजा बर्फबारी हुई है। इस स्थिति में इन गांवों के लिए वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है, साथ ही लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी के कारण निचले इलाकों में बर्फीली हवाएं भी चल रही है और तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। हालात यह है कि सुबह, शाम के समय में क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
Next Story