- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Nahan: सांसद कश्यप ने...
Nahan: सांसद कश्यप ने दिशा बैठक में ली प्रोजेक्ट्स की प्रगति रिपोर्ट

नाहन: नाहन के बचत भवन में आज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक सांसद सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सांसद कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की योजनाओं को सक्रियता और पारदर्शिता के साथ लागू किया जाए ताकि इनका लाभ आम लोगों तक पहुंचे। उन्होंने बरसात से क्षतिग्रस्त हुई राष्ट्रीय उच्च मार्गों की जल्द मरम्मत के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 4072 वृद्धजनों को ₹4 करोड़, विधवा पेंशन योजना के तहत 1418 महिलाओं को ₹1.32 करोड़, दिव्यांग पेंशन योजना में 48 लाभार्थियों को ₹5 लाख और राष्ट्रीय परिवार सहायता कार्यक्रम के तहत 37 परिवारों को ₹7.40 लाख की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर पालिका नाहन में 331 आवास पूरे हो चुके हैं और 25 निर्माणाधीन हैं, जबकि राजगढ़ में 63 आवास पूरे हुए और 13 निर्माणाधीन हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नाहन और पांवटा साहिब में 267-267 व्यक्तिगत शौचालय बनाए गए हैं। इसके अलावा, आजीविका मिशन के तहत 251 स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं।
सांसद कश्यप ने कहा कि अधिकतर विभाग अच्छा कार्य कर रहे हैं, लेकिन सड़कों की स्थिति खराब है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के गैरहाजिर अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।





