हिमाचल प्रदेश

मणिकर्ण गोलीकांड: युवक की मौत से पहले आपस में हुआ था झगड़ा, 7 गिरफ्तार

Gulabi Jagat
1 May 2022 4:50 PM GMT
मणिकर्ण गोलीकांड: युवक की मौत से पहले आपस में हुआ था झगड़ा, 7 गिरफ्तार
x
मणिकर्ण गोलीकांड मामला
कुल्लू। Manikarn Shootout, मणिकर्ण के बरशैणी में गोली लगने से युवक की मौत मामले में पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी योगेश के ही साथी हैं। इनकी पहचान सुरेंद्र, महेश्वर सिंह, ठाकुर चंद, ऋषि ठाकुर, विनोद कुमार, जितेंद्र व अनिकेत निवासी बरशैणी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि इनका आपस में झगड़ा हुआ था। सातों लड़के 27 अप्रैल की शाम को रात तक योगेश की गाड़ी में अलग-अलग समय पर उसके साथ थे। 27 अप्रैल को योगेश अपनी सेंट्रो कार में भुंतर गया था। यह सभी सात युवक भी भुंतर आए थे। दो लड़के भुंतर से ही योगेश की कार में बैठ गए थे। ये सभी जरी में फिर एकत्र हुए। शराब पीकर जरी के मेले में डांस किया, फिर जितेंद्र, सुरेंद्र, महेश्वर, अनिकेत व ठाकुर चंद उसकी गाड़ी में जरी से बरशैणी को आए। रास्ते में उचधार में इन्होंने फिर शराब पी।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले युवकों के बीच झगड़ा हुआ था। अब पुलिस इनसे रिमांड में यह पूछताछ करेगी कि झगड़ा किसके साथ हुआ और किस बात को लेकर हुआ। वहीं पुलिस इस मामले में प्रयोग किए गए हथियार को भी बरामद करेगी।
बता दें कि 27 अप्रैल को करीब 11 बजे रात बरशैणी में योगेश की गोली लगने से हत्या हो गई थी। इसके बाद इसके चार दोस्तों से पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था। हालांकि पहले युवकों ने अपने बयान में तोष जाने की बात कही थी, लेकिन अब भुंतर जाने की बात सामने आई। रविवार शाम को सात युवकों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
जांच के दौरान कई पहलू सामने आए हैं। जल्द ही आरोपित का पता लगाया जाएगा। सात युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना से पूर्व इनका आपस में झगड़ा हुआ था।
-सागर चंद्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू
Next Story