- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Mandi: किसानों के...
Mandi: किसानों के अधिकारों के लिए किसान सभा का जोरदार प्रदर्शन

जोगिंदरनगर: किसानों की बेदखली रोकने, जमीन का मालिकाना हक दिलाने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और चिट्टा नशे पर अंकुश लगाने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर हिमाचल किसान सभा की जोगिंदर नगर कमेटी ने एसडीएम कार्यालय के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। डेढ़ महीने तक चले व्यापक अभियान के बाद यह धरना आयोजित किया गया, जिसमें तीन जगह प्रदर्शन और 84 गांव व पंचायत स्तर पर बैठकें कर किसानों और आम नागरिकों को mobilize किया गया।
धरने का नेतृत्व हिमाचल किसान सभा के जिला अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक कमेटी के अध्यक्ष रविंदर कुमार, चौंतड़ा जोन की अध्यक्ष नीलम वर्मा, मकरीड़ी जोन के अध्यक्ष तिलक ठाकुर, भराड़ू जोन के उपाध्यक्ष रूप सिंह, सह सचिव संजय कुमार सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने भाग लिया। धरने के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को संबोधित तीन ज्ञापन भी एसडीएम के माध्यम से सौंपे।
धरना स्थल पर अपने संबोधन में कुशाल भारद्वाज ने कहा कि किसानों की बेदखली को तत्काल प्रभाव से रोका जाए तथा पांच बीघा तक भूमि का मुफ्त मालिकाना हक दिया जाए। उन्होंने वन संरक्षण कानून, 1980 में संशोधन कर रेगुलर पट्टे देने और वनाधिकार कानून, 2006 को लागू करने की मांग भी दोहराई। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल जोगिंदर नगर में एमडी मेडिसिन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, चर्म रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ और सर्जन के पद खाली पड़े हैं। अस्पताल में पिछले 18 वर्षों से अल्ट्रासाउंड मशीन धूल खा रही है क्योंकि वहां आज तक सोनोग्राफर की नियुक्ति नहीं हो पाई। चौंतड़ा सीएचसी भी एकमात्र डॉक्टर के भरोसे चल रहा है। उन्होंने मांग की कि सिविल अस्पताल और चौंतड़ा सीएचसी में सभी रिक्त पदों को अविलंब भरा जाए।
कुशाल भारद्वाज ने चिट्टा नशे के बढ़ते खतरे पर भी चिंता जताई और कहा कि नशा तस्करों पर राजनीतिक संरक्षण के चलते पुलिस कार्रवाई नहीं कर पा रही है। उन्होंने मांग की कि चिट्टे के तस्करों पर विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए और जोगिंदर नगर उपमंडल में डीएसपी का अलग पद सृजित कर पुलिस व्यवस्था मजबूत की जाए।
सार्वजनिक सुविधाओं के मसले भी उठाए गए। उन्होंने मांग की कि कून का तर क्षेत्र में नदी पर बने पैदल पुल की मरम्मत दस दिन के भीतर पूरी करवाई जाए और ट्रैफिक ब्रिज के कार्य को तेज किया जाए। साथ ही एचआरटीसी की मंडी डिपो या जोगिंदर नगर डिपो से मंडी-वाया कुन्नु-कुफरी-बटधार बस सेवा शीघ्र शुरू करने या वर्तमान बस सेवा को बटधार तक बढ़ाने की भी मांग रखी गई। धरना प्रदर्शन में भाग लेने वाले ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।





