हिमाचल प्रदेश

शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 ग्राम चिट्टे के साथ तस्कर गिरफ्तार

Gulabi Jagat
25 July 2026 10:22 PM IST
शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 ग्राम चिट्टे के साथ तस्कर गिरफ्तार
x

शिमला : शिमला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 12 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने यह कार्रवाई शोघी पुलिस चौकी के पास एचआरटीसी बस की चेकिंग के दौरान की।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को स्पेशल सेल शिमला की टीम इलाके में गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान शोघी के पास एचआरटीसी बस की तलाशी ली गई। चेकिंग के दौरान एक यात्री के बैग पर पुलिस को शक हुआ।

तलाशी लेने पर बैग में रखी माचिस की डिब्बी के अंदर छिपाकर रखी गई 12 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अमित ठाकुर (32 वर्ष) निवासी ननखड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बालुगंज शिमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी से नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

वहीं, शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के एक पुराने मामले में प्रभावी जांच और मजबूत पैरवी के जरिए आरोपी को सजा भी दिलाई है। पुलिस थाना वेस्ट शिमला में दर्ज वर्ष 2023 के मामले में आरोपी साजन (26 वर्ष), निवासी चिड़गांव, जिला शिमला के कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी।

पुलिस ने मामले में सभी जरूरी सबूत जुटाकर अदालत में पेश किए थे। इन साक्ष्यों के आधार पर विशेष न्यायाधीश शिमला ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 2 साल के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना नहीं भरने पर आरोपी को अतिरिक्त 2 महीने का साधारण कारावास भुगतना होगा।

शिमला पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जिले में नशीले पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Next Story