हिमाचल प्रदेश

Kullu: बाढ़ में फंसे शरण बिहाली के 3 लोगों की तलाश के लिए तलाशी अभियान शुरू

Sarita
27 Jun 2025 9:28 AM IST
Kullu: बाढ़ में फंसे शरण बिहाली के 3 लोगों की तलाश के लिए तलाशी अभियान शुरू
x
Kullu कुल्लू: 25 जून को जीवा नाला में आई भीषण बाढ़ में फंसे शरण बिहाली गांव के 3 लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लापता पिता-पुत्री और एक अन्य महिला की तलाश के लिए गुरुवार को दिनभर तलाशी अभियान जारी रहा। गुरुवार सुबह ही घटना स्थल शरण बिहाली गांव में लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था और स्थानीय प्रशासन व पुलिस की टीम भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई थी। तहसीलदार सैंज नरेंद्र कुमार की देखरेख में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
जिस घर में बाढ़ में 3 लोग बह गए थे, उसके आसपास पड़े मलबे को जेसीबी से खोदा गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने एनडीआरएफ और पुलिस कर्मियों के साथ शरण बिहाली गांव से पार्वती परियोजना बांध तक नदी के किनारे करीब 2 किलोमीटर के क्षेत्र में लापता लोगों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
जीवा नाला में आई भीषण बाढ़ के कारण गांव के सभी घर जलमग्न हो गए हैं। बेघर परिवारों के लोगों ने साथ लगते शरण गांव में अपने रिश्तेदारों के घरों में शरण ली है। तलाशी अभियान के दौरान परिजन भी अपने खोए परिजनों को पाने की उम्मीद में मौजूद रहे। बेबस लोगों की आंखों के आंसू भी सूख चुके हैं। बड़ी संख्या में पहुंचे लोग उन्हें सांत्वना देकर उनका हौसला बढ़ाते रहे। अधिकारी और राजनेता भी प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाते रहे।
डीसी कुल्लू तोरु एस. रवीश, एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के चेयरमैन राम सिंह मियां, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, बंजार कांग्रेस अध्यक्ष तेजा ठाकुर, रामकृष्ण चौहान, आईटीआई सैंज के चेयरमैन मोती राम पालसरा, पार्वती परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक रणजीत सिंह समेत कई अन्य लोग मौके पर पहुंचे और संवेदनाएं व्यक्त कीं। डीसी तोरु एस. रवीश ने कहा कि तलाशी अभियान जारी रहेगा। सरकार और जिला प्रशासन प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है और हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्य शीघ्र और प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
Next Story