हिमाचल प्रदेश

Kullu: भारी बारिश से नदियां-नाले उफान पर, 37 सड़कें अवरुद्ध

Sarita
1 July 2025 3:43 PM IST
Kullu: भारी बारिश से नदियां-नाले उफान पर, 37 सड़कें अवरुद्ध
x
Kullu कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में अगले 5 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले कुछ दिनों से जिले के आनी और बंजार उपमंडल में भारी बारिश के कारण स्थिति गंभीर होती जा रही है। यहां नदी-नाले उफान पर हैं और भूस्खलन की आशंका भी लगातार बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया है, ताकि स्कूली छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन की ओर से लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है। डीसी कुल्लू तोरल एस. रवीश ने बताया कि जिले में 5 जुलाई तक येलो अलर्ट रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के पास न जाएं और अकेले ट्रैकिंग जैसी गतिविधियों से भी फिलहाल बचें। मौसम को ध्यान में रखते हुए ही कोई भी यात्रा प्लान करें। डीसी ने बताया कि जिले में भारी बारिश के कारण कई सड़कें अवरुद्ध हैं। आनी संभाग में 21 और बंजार संभाग में 11 सड़कें बंद हैं, जबकि कुल्लू संभाग में 5 सड़कें अवरुद्ध हैं।
मुख्य मार्गों की बात करें तो आनी से रामपुर को जोड़ने वाला मार्ग पूरी तरह से बंद है। मंडी-कुल्लू मार्ग भी कई जगहों पर अवरुद्ध हो गया है। नेशनल हाईवे-305 पर बंजार और बालीचौकी के बीच पत्थर गिरने की घटनाएं हुई हैं, जिसके कारण यह मार्ग भी अवरुद्ध हो रहा है। हालांकि प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मंडी-कुल्लू मार्ग को जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा।
Next Story