हिमाचल प्रदेश

Kangra: ब्यास नदी में डूबे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव

Sarita
3 March 2026 7:53 AM IST
Kangra: ब्यास नदी में डूबे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव
x
Kangra: होली के त्यौहार से ठीक दो दिन पहले ज्वालामुखी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। भडोली स्थित ब्यास नदी में नहाने गए 4 युवकों में से एक युवक की डूबने से मौत हो गई। करीब 24 घंटे तक चले सर्च और रैस्क्यू ऑप्रेशन के बाद युवक का शव उसी स्थान के पास बरामद किया गया, जहां वह नहाने गया था। लगभग 15 से 20 मीटर नीचे सरिए के बीच में उसका शव फंसा हुआ था, ऐसा बताया जा रहा है। बताते चलें कि उसके भाई समेत 2 अन्य युवकों को पहले ही सुरक्षित बचा लिया गया था। मृतक की पहचान अंकित कुमार पुत्र हरदीप सिंह निवासी गांव बगेड़, डाकघर भडोली कुटियारा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार चारों युवक ब्यास नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में फिसलने से सभी युवक डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने टायर की ट्यूब की मदद से 3 युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि अंकित नदी की गहराई में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही ज्वालामुखी पुलिस के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे और सर्च अभियान शुरू किया गया। करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया।मामले की पुष्टि करते हुए एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि युवक की पहचान अंकित कुमार के रूप में हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Next Story