हिमाचल प्रदेश

PGI में ब्लड कैंसर की बीमारी से जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा जियांश

Gulabi Jagat
21 Jun 2023 9:31 AM GMT
PGI में ब्लड कैंसर की बीमारी से जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा जियांश
x
अर्की: जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा जियांश मदद के लिए हाथ फैलाए सरकार से सहायता की राह ताक रहा है। जियांश की आयु मात्र पांच वर्ष है और वह पिछले लंबे अरसे से जानलेवा बीमारी ब्लड कैंसर से पीडि़त है। जियांश अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत बखालग के गांव दिदु का निवासी है। जियांश अभी पीजीआई चंडीगढ़ में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। जियांश के पिता नवीन कुमार अपने जीगर के टुकड़े को अपनी बाहों में लेकर नम आंखों से लोगों और प्रदेश सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। अगर प्रदेश सरकार मदद करती है तो जियांश की जिंदगी बच सकती है। पिछले कई दिनों से पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन जियांश के पिता ने बताया कि जियंाश को चार वर्ष पूर्व भी कैंसर हुआ था। उस समय भी पीडि़त का इलाज पीजीआई में करवाया गया था। उस समय इलाज पर लाखों रुपए खर्च हुए थे। हिमाचल सरकार और लोगों के सहयोग से उस समय जियंाश का इलाज संभव हो पाया था।
इलाज के बाद उसे इस बीमारी से निजात मिल पाई थी, लेकिन अभी चार साल ही बीते थे कि जियांश को दोबारा उसी बीमारी ने अपनी गिरफ्त में ले लिया। पीडि़त जियांश की दो छोटी बहने हैं। यानी माता-पिता के ऊपर तीन बच्चों की जिम्मेदारी है। बताया जा रहा कि जियांश के इलाज पर करीब 30 से 40 लाख रुपए खर्च आएगा, जो कि जियांश के माता-पिता के पहुंंच से बाहर है। पिता नवीन पेशे से कृषक हैं। कृषि के अलावा उनकी आमदनी का और कोई दूसरा जरिया नहीं है जिससे वह अपने बेटे का इलाज करवा पाएं। बता दें कि नवीन कुमार अभी तक लोगों से कर्ज लेकर अपने जिगर के टुकड़े को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। नवीन ने एक बार पुन: हिमाचल सरकार व लोगों से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। नवीन ने सोशल मीडिया पर भी लोगों से भावुक अपील की है। बहरहाल अगर प्रदेश सरकार मदद के लिए हाथ बढ़ाती है तो जिंदगी और मौत से जूझ रहे जियंाश को जीवनदान मिल सकता है। एचडीएम
दानी इस पते पर भेजें मदद
पीडि़त के लिए कैश, मनीआर्डर, चेक या डिमांड ड्राफ्ट ‘दिव्य हिमाचल रिलीफ फंड के नाम बनाकर इस पते पर भेजें- दिव्य हिमाचल रिलीफ फंड, दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप, पुराना मटौर, कांगड़ा, हि.प्र. 176001
हेल्पलाइन
सभी दानियों के नाम ‘दिव्य हिमाचल’ में प्रकाशित किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें- 78078-44144, 70181-97293, 94184-07889, 94182-55757
नोट:- दान की गई राशि को आयकर की धारा 80जी के तहत छूट प्राप्त है।
Next Story