हिमाचल प्रदेश

टुटू में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प जैसी योजनाओं की दी जानकारी, अचानक गोशाला पहुंच गए सीएम

Gulabi Jagat
2 Jun 2023 1:29 PM GMT
टुटू में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प जैसी योजनाओं की दी जानकारी, अचानक गोशाला पहुंच गए सीएम
x
शिमला: खास अंदाज के लिए पहचान बना रहे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गुरुवार को अचानक टुटू में गोशाला में जा पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने सरकार की योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 शुरू की है। इससे सडक़ों पर घूमने वाले पशुओं की जानकारी हेल्पलाइन पर साझा कर सकते हैं और इससे पशुओं को गोसदन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री इससे पूर्व गुरुवार सुबह कांगड़ा के गगल हवाई अड्डे से जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पहुंचे। इसी दौरान टूटू में गोशाला के समीप खड़े कुछ लोगों को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया। गोशाला संचालन समिति टुटू ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं योजनाओं को सराहा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेशवासी लाभान्वित हो रहे हैं।
लोगों ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 को बेसहारा पशुओं के रेस्क्यू के साथ लिंक करने की पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे बेसहारा पशुओं की समस्या पर नियंत्रण पाने में कामयाबी मिलेगी। स्थानीय निवासियों ने कहा कि सरकार के प्रयासों और आमजन के सहयोग से बेसहारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकता है। समिति ने गोशाला से संबंधित अपनी मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गांे के हित के लिए योजनाएं बना रही है। प्रदेश सरकार चुनावों से पहले जनता से किए गए वादों को पूरा करेगी। इस अवसर पर गोशाला संचालन समिति के प्रधान सुरेंद्र ठाकुर, केएल. डोगरा, आरके. पराशर, जेपी गर्ग सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित थे।
Next Story