हिमाचल प्रदेश

हिमाचल का पहला विज्ञान संग्रहालय चंबा में, ब्वायज स्कूल में सीएम जयराम ठाकुर ने किया उद्घाटन

Renuka Sahu
9 Oct 2022 4:59 AM GMT
Himachals first science museum in Chamba, CM Jai Ram Thakur inaugurated in Boys School
x

न्यूज़ क्रेडिट : divyahimachal.com

चंबा के राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्थापित हिमाचल प्रदेश के पहले विज्ञान संग्रहालय का शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उद्घाटन किया।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। चंबा के राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्थापित हिमाचल प्रदेश के पहले विज्ञान संग्रहालय का शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उद्घाटन किया। इस संग्रहालय का नाम पंडित जयवंत राम उपमन्यु विज्ञान संग्रहालय रखा गया है। पंडित जयवंत राम उपमन्यु हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पहले अध्यक्ष और स्टेट हाई स्कूल चंबा में भारतीय मूल के पहले मुख्याध्यापक थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा स्थापित किया गया है। समारोह में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. जतिंद्र सिंह ने विशेषातिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तत्त्वावधान में देश के आकांक्षी जिलों में विज्ञान संग्रहालयों की स्थापना से भारत सरकार के समग्र शिक्षा अभियान को बल मिलेगा। केंद्रीय मंत्री डा. जतिंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने स्कूली शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से प्री-स्कूल से 12वीं कक्षा तक एक व्यापक कार्यक्रम समग्र शिक्षा और जन भागीदारी तैयार किया है, जिसे टू-टी यानी टीचर एंड टेक्नोलॉजी पर केंद्रित किया है। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष डा. हंसराज, सदर विधायक पवन नैयर, सचिव जैव प्रौद्योगिकी भारत सरकार डा.राजेश एस गोखले, एपीएमसी के अध्यक्ष डीएस ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर नागपाल, निदेशक विज्ञान और प्रौद्योगिकी भारत सरकार सुभ्रा चक्रवर्ती, उपायुक्त चंबा डीसी राणा व पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पंडाल में सांप से अफरा-तफरी
विज्ञान संग्रहालय के शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री के संबोधन से ऐन पहले पंडाल में सांप निकलने से बच्चों व उपस्थित लोगों में अफरा- तफरी मच गई। मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम ने सांप को पकड़ कर पंडाल से बाहर निकला। इसके बाद ही पंडाल में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। सांप के पकड में आने के बाद ही मुख्यमंत्री ने अपना संबोधन आरंभ किया।
चंबा बाल स्कूल 159 साल पुराना
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में 75 विज्ञान संग्रहालय स्थापित होंगे। चंबा जिला में पहला विज्ञान संग्रहालय राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में खोला गया है। यह ऐतिहासिक पाठशाला 1863 में खुली थी। उन्होंने कहा कि मेरे दुनिया में आने से 102 वर्ष पहले यह पाठशाला खुली है। यह पाठशाला अपनी स्थापना के 159 वर्ष पूरे कर चुकी है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2018 को चंबा आया था तो मुझे इस पाठशाला का पता नहीं था। जब मैं गलियों से होकर इस पाठशाला में पहुंचा तो पाया इसका अपना महत्त्व है। इस पाठशाला में शिक्षा ग्रहण करने वाले कई छात्र देश व विदेश मान बढा रहे हैं।
भरमौर विधानसभा क्षेत्र का ध्यान
मुख्यमंत्री ने भरमौर क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि क्षेत्र में सडक़ों और पुलों के निर्माण और रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष डा. हंसराज, भरमौर- पांगी के विधायक जियालाल कपूर, जिला मार्केट कमेटी के चेयरमैन डीएस ठाकुर, एससी/ एसटी निगम के उपाध्यक्ष जय सिंह, उपायुक्त डीसी राणा व एसपी चंबा अभिषेक यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Next Story