हिमाचल प्रदेश

Himachal Weather: 6 दिनों तक रहेगा भारी बारिश का यैलो अलर्ट

Sarita
26 July 2025 10:21 AM IST
Himachal Weather: 6 दिनों तक रहेगा भारी बारिश का यैलो अलर्ट
x
Himachal Weather: अगले 6 दिनों तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। शिमला में शुक्रवार को धूप खिली रहने के साथ 8 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा, मंडी में 24 मिमी, बिलासपुर में 0.5 मिमी, जुब्बड़हट्टी में 6 मिमी, कुफरी में 10.5 मिमी, नारकंडा में 13 मिमी और बजौरा में 4.5 मिमी बारिश हुई, जबकि भुंतर और कल्पा में बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने 25 दिनों में सामान्य से 3 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 201.3 मिमी होती है, जबकि अब तक केवल 194.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश शिमला जिले में 77 प्रतिशत और मंडी में 68 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम बारिश लाहौल-स्पीति में माइनस 75 और चंबा में माइनस 49 प्रतिशत दर्ज की गई है।
हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य में एक बार फिर भारी बारिश का दौर लौटने वाला है। विभाग ने 26 से 31 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 26 जुलाई को मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ इलाकों में, 27 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में, 28 जुलाई को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में और 29 जुलाई को हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 30 और 31 जुलाई को भी येलो अलर्ट रहेगा।
दूसरी ओर, भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के बाद राज्य के कई इलाकों में अभी भी जनजीवन पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, शुक्रवार शाम तक राज्य में एक राष्ट्रीय राजमार्ग और 221 संपर्क मार्ग अभी भी बंद हैं। वहीं, 56 बिजली ट्रांसफार्मर और 139 पेयजल योजनाएं भी ठप हैं। मंडी ज़िले में एनएच-70 मंडी-कोटली मार्ग सहित कुल 144 संपर्क सड़कें बंद हैं और 30 ट्रांसफार्मर तथा 78 पेयजल योजनाएँ भी प्रभावित हुई हैं। कुल्लू ज़िले में 48 संपर्क सड़कें अवरुद्ध हैं, जबकि कांगड़ा ज़िले के धर्मशाला और नूरपुर उप-मंडलों में 68 पेयजल योजनाएँ ठप हैं।
Next Story