हिमाचल प्रदेश

Himachal Weather: तीन दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, शीतलहर जारी

Sarita
13 Jan 2026 6:23 AM IST
Himachal Weather: तीन दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, शीतलहर जारी
x
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राज्य में तीन दिन तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौजूदा विंटर सीजन में अब तक सामान्य से करीब 88 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है, जिससे कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बन गए हैं। ऐसे में मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान से लोगों को बड़ी राहत की उम्मीद है।
हालांकि, राहत से पहले ठंड का कहर लगातार जारी है। राज्य के 18 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। बरठीं, हमीरपुर, कांगड़ा, ऊना और मंडी में शीतलहर का प्रभाव देखने को मिला है। शिमला में जरूर रात के तापमान में हल्का सुधार दर्ज किया गया है और आज शहर व आसपास के क्षेत्रों में धूप के साथ हल्के बादल छाए रहे।
ऊना क्षेत्र में घने कोहरे का असर रेल यातायात पर साफ दिखा। सुबह सूरज निकलने के बावजूद रेलवे ट्रैक पर कोहरा छाया रहा, जिससे ट्रेनों की रफ्तार थम गई। वंदे भारत एक्सप्रेस करीब एक घंटे की देरी से, जबकि साबरमती एक्सप्रेस 50 मिनट लेट ऊना रेलवे स्टेशन पहुंची। दृश्यता बेहद कम होने के कारण लोको पायलटों को सिग्नल देखने में दिक्कत हुई और सुरक्षा को देखते हुए ट्रेनों की गति धीमी रखी गई। पांवटा साहिब और सुंदरनगर में भी कोहरा दर्ज किया गया।
राज्य में शिमला में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा, जबकि सुंदरनगर 1.3, बरठीं 1.0, कल्पा 2.4, धर्मशाला 2.6, ऊना 2.0, नाहन 5.3, पालमपुर 3.0, सोलन 1.2, मनाली 2.1, कांगड़ा 3.0, मंडी 2.4, हमीरपुर 1.6, कुकुमसेरी माइनस 9.6 और ताबो में माइनस 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई इलाकों में कड़ाके की ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है।
Next Story