- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Himachal Weather :...
हिमाचल प्रदेश
Himachal Weather : समय से पहले आएगा मानसून, 22 जून को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
Sarita
20 Jun 2025 9:51 AM IST

x
Himachal Weather : 21 जून से जारी ऑरेंज अलर्ट के साथ मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इस बार मानसून की अनुकूल परिस्थितियों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले 6 दिन पहले प्रदेश में मानसून प्रवेश करेगा। हिमाचल में 2024 में 27 जून, 2023 में 24 जून, 2022 में 29 जून, 2021 में 13 जून और 2020 में 24 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। मौसम विभाग के अनुसार 21 से 23 जून के दौरान ऊना और बिलासपुर में भारी बारिश, 21 और 22 जून को हमीरपुर, शिमला और सिरमौर, 22 और 23 जून को कांगड़ा, 21 जून को मंडी और सोलन में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, जबकि 22 जून को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और हमीरपुर में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को अलर्ट नहीं रहेगा, लेकिन मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि 20 से 25 जून तक मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश तथा उच्च पर्वतीय क्षेत्र के कुछ भागों में भारी बारिश होने की संभावना है, तथा कई से अधिकांश भागों में बारिश होने का अनुमान है, जिसकी तीव्रता 22 व 25 जून को रहने की संभावना है। 21 जून से 25 जून तक प्रदेश के अनेक भागों में हल्की से मध्यम बारिश तथा मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों व पर्यटकों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।
गुरुवार को राजधानी शिमला व जुब्बड़हट्टी में बूंदाबांदी हुई, जबकि ऊना में 1 एमएम, बिलासपुर में 1 एमएम तथा बजौरा में 5 एमएम बारिश हुई। ऊना में बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शिमला में 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। शिमला में पर्यटकों ने सुहावने मौसम का लुत्फ उठाया। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिनमें संगड़ाह 20 मिमी, पच्छाद 7.4 मिमी, सुंदरनगर 5.8 मिमी, धर्मशाला 4 मिमी, कसौली और बजौरा 3-3 मिमी, जोत 2.2 मिमी, निचार, बंजार, भरवाई और चंबा 2-2 मिमी, सांगला 1.8 मिमी, भावानगर 1.2 मिमी, कुफरी 1 मिमी, कल्पा 0.7 मिमी, धौला कुआं 0.5 मिमी, रायपुर मैदान, सोलन और भुंतर 0.4 मिमी और कांगड़ा 0.2 मिमी शामिल हैं। सुंदरनगर और कांगड़ा में आंधी आई और कुकुमसेरी में 33 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
Next Story





