हिमाचल प्रदेश

हिमाचल मौसम अलर्ट: 9 से 11 जून तक बारिश की संभावना, 11 जगह न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के पार

Khushboo Dhruw
7 Jun 2022 9:27 AM GMT
हिमाचल मौसम अलर्ट: 9 से 11 जून तक बारिश की संभावना, 11 जगह न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के पार
x
पढ़े पूरी खबर

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ भागों में 9 से 11 जून तक बारिश की संभावना है। 10 व 11 जून को अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं मैदानी व निचले भागों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। इन भागों में 11 जून तक मौसम साफ रहने की संभावना है। नौ जून तक लू चलने का अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश के ऊना, शिमला, धर्मशाला, नाहन, कांगड़ा, बिलासपुर, डलहौजी, पालमपुर, चंबा, जुब्बड़हट्टी और पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। मैदानी जिलों में गर्म हवाएं चलने से लोगों का दिन के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बाजारों में भी दिन के समय सन्नाटा हो गया है।

उधर, कांगड़ा जिला के धर्मशाला में 27 वर्षों बाद सोमवार सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड हुआ है। वर्ष 1995 में धर्मशाला में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री दर्ज हुआ था। इसके बाद इस साल सोमवार को यहां का तापमान 37.5 डिग्री पहुंचा है। बीते शनिवार को धर्मशाला का पारा 37 डिग्री पहुंचा था। तब 13 वर्ष बाद धर्मशाला में सबसे अधिक गर्म दिन दर्ज किया गया था। अब दो दिन के भीतर ही धर्मशाला का पारा 0.7 डिग्री चढ़ गया है। यहां के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। आज शिमला व आसपास भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने 20 जून तक प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने की संभावना जताई है। बीते वर्ष सामान्य से छह दिन पूर्व 13 जून को मानसून हिमाचल पहुंचा था।
शिमला में न्यूनतम तापमान 20.8, सुंदरनगर 18.5, भुंतर 17.2, कल्पा 10.6, धर्मशाला 22.2, ऊना 23.0, नाहन 27.3, केलांग 9.0, पालमपुर 22.5, सोलन 16.9, मनाली 15.2, कांगड़ा 22.7, मंडी 19.6, बिलासपुर 23.0, हमीरपुर 19.8, चंबा 20.8, डलहौजी 20.2, कुफरी 18.2, नारकंडा 14.7, कोटखाई 12.9, रिकांगपिओ 15.1, धौलाकुआं 12.8, जुब्बड़हट्टी और पांवटा साहिब में 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
Next Story