- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Himachal: दर्दनाक...
हिमाचल प्रदेश
Himachal: दर्दनाक हादसा, बाइक-बस की टक्कर में युवक की मौत, दो घायल
Sarita
25 Jun 2025 12:40 PM IST

x
Himachal हिमाचल: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नाहन से सटे श्री रेणुका जी मार्ग पर जमटा के पास बस और बाइक की भीषण टक्कर में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। यह हादसा उस समय हुआ जब "अप्लाईड फॉर" नंबर प्लेट लगी एक बाइक नाहन से जमटा की ओर जा रही थी। जमटा के पास बाइक की सामने से आ रही एक निजी बस "चौहान कोच" से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार 25 वर्षीय संजीव कुमार (पुत्र लाल सिंह, निवासी गांव बलका बरताल, पंजाहल) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुए दो युवकों में से एक की पहचान दीपांशु (निवासी सत्तार भदौड़) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से दीपांशु को 108 एंबुलेंस के जरिए नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। अन्य घायल युवकों के बारे में अभी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक संजीव कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर इस हादसे का मुख्य कारण है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी चालक की ओर से कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
Next Story





