- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Himachal : दर्दनाक...
Himachal : दर्दनाक हादसा, दादा और दो पोतों की डूबने से मौत, पसरा मातम

Himachal हिमाचल: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के उपमंडल धीरा के अंतर्गत मुंधी पंचायत में रविवार को एक बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां मेला गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की नयुगल खड्ड में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग और उसके दो मासूम पोते शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मेला गांव निवासी प्रकाश चंद (उम्र करीब 70 वर्ष) रविवार को अपने दो पोते आरुष (8 वर्ष) और तारू (6 वर्ष) के साथ नयुगल खड्ड के किनारे कपड़े धोने गए थे। इस दौरान दोनों बच्चे खड्ड के पानी में खेलने और नहाने लगे।
ये है पूरा मामला नहाते-नहाते मासूम बच्चे कब गहरे पानी की ओर बढ़ गए इसका अंदाजा किसी को नहीं लग पाया। देखते ही देखते दोनों बच्चे पानी में डूबने लगे। यह देख दादा प्रकाश चंद भी उन्हें बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद पड़े। लेकिन दुख की बात यह रही कि बच्चों को बचाते-बचाते वह खुद पानी के तेज बहाव और गहराई में फंस गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणजब इस दुखद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को लगी तो ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों व बुजुर्गों की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद पुलिस चौकी थुरल की टीम भी मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों के शव पानी से बाहर निकाले गए।
गांव में पसरा मातम
इस हादसे से पूरा गांव गहरे शोक में है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक मौत से इलाके में मातम पसरा है। गांव के लोग परिवार को सांत्वना दे रहे हैं, लेकिन यह क्षति इतनी बड़ी है कि इसकी भरपाई नहीं की जा सकती। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है।





