हिमाचल प्रदेश

2906 करोड़ से संवरेगा हिमाचल पर्यटन, पालमपुर, दियोटसिद्ध और डलहौजी का होगा सौंदर्यीकरण

Renuka Sahu
13 March 2022 6:16 AM GMT
2906 करोड़ से संवरेगा हिमाचल पर्यटन, पालमपुर, दियोटसिद्ध और डलहौजी का होगा सौंदर्यीकरण
x

फाइल फोटो 

हिमाचल में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए एशियन डिवेलपमेंट बैंक से मिले 2906 करोड़ के बड़े प्रोजेक्ट में कई शहरों की सूरत संवरेगी।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। हिमाचल में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए एशियन डिवेलपमेंट बैंक से मिले 2906 करोड़ के बड़े प्रोजेक्ट में कई शहरों की सूरत संवरेगी। इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में 900 करोड़ के प्रोजेक्ट डिपार्टमेंट आफ इक्नॉमिक अफेयर्स भारत सरकार को भेजे गए थे, जो वहां से मंजूर होकर एडीबी को चले गए हैं। एडीबी का मिशन आकर इन कामों को देखेगा और अप्रूवल के बाद काम शुरू हो जाएगा।

इसके लिए पर्यटन विभाग आजकल डीपीआर बनाने में लगा हुआ है। इसके तहत पहले चरण में जहां एक ओर मंडी में निर्माणाधीन शिवधाम को कंपलीट किया जाएगा, वहीं पालमपुर शहर की भी ब्यूटीफिकेशन होगी। बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर दियोटसिद्ध में भी पर्यटन सुविधाएं बनाई जाएंगी और चंबा के डलहौजी में भी सौंदर्यीकरण होगा। पहले चरण की फंडिंग जारी होने के बाद इसमें पर्यटन के क्षेत्र में ये विभिन्न कार्य किए जाएंगे। नए पर्यटक स्थल भी इसमें चिन्हित किए जाने हैं। इसके साथ ही जो पर्यटक स्थल पहले से बने हैं, उन्हें भी नए सिरे से आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
सैलानियों को आकर्षित करने के लिए नया प्लान
सैलानियों को आकर्षित करने के लिए नए विकास कार्य किए जाएंगे। प्रदेश में अटल टनल बनने के बाद लाहुल घाटी में सैलानियों की आमद में लगातार वृद्धि हो रही है। यह टनल हिमाचल में एक नया आकर्षण का केंद्र बनकर उभरी है। इसी तर्ज पर हिमाचल में अन्य पर्यटक स्थल बनाए जाएंगे। उद्घाटन के बाद से अब तक करीब दो लाख से ज्यादा पर्यटक वाहन इस टनल से गुजर चुके हैं।
सरकार पयर्टन विकास को देगी गति
हिमाचल की आर्थिकी का सबसे बड़ा आधार पर्यटन ही है। हर साल हजारों की संख्या में पर्यटक हिमाचल घूमने आते हैं। ऐसे में अब प्रदेश सरकार पयर्टन विकास के क्षेत्र को गति देना चाहती है, जिसके लिए एडीबी की ओर से फंडिग की जाएगी। इसके पहले चरण में कौन से काम होने हैं इसकी सूची पर्यटन विभाग ने एशियन डिवेलपमेंट बैंक को भेज दी है।


Next Story