हिमाचल प्रदेश

Himachal Pradesh: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिला, हत्या की आशंका

Sarita
23 April 2025 6:50 AM IST
Himachal Pradesh: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिला, हत्या की आशंका
x
Himachal Pradesh: पालमपुर के ऊपरी वन क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव बरामद हुआ है। शव जाखणी माता मंदिर के ऊपर गलू के जंगल में पड़ा मिला। महिला प्रवासी है और 10 अप्रैल से लापता थी। यह जानकारी भवारना थाना अंतर्गत उसके पति ने दी। महिला की पहचान पिंकी देवी पत्नी दिनेश कुमार के रूप में हुई है। यह महिला पिछले कुछ समय से भवारना थाना अंतर्गत दैहन में रह रही थी। मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि सूरड़ के अति दुर्गम वन क्षेत्र में एक महिला का शव पड़ा है। ऐसे में पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।
जांच में पता चला कि महिला के सिर पर चोट लगी हुई थी और उसके शरीर से दुर्गंध आ रही थी। ऐसे में पहचान होने पर पता चला कि महिला झारखंड की रहने वाली थी और 10 अप्रैल को वह मारंडा में सामान लेने के लिए घर से निकली थी लेकिन उसके बाद से लापता थी। पुलिस ने शव के पास एक लोहे की रॉड जिसे डाई भी कहते हैं बरामद की है। उक्त रॉड का प्रयोग आमतौर पर लोहे की रॉड से काम करने वाले कारीगर लोहे की रॉड आदि को मोड़ने के लिए करते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि महिला की हत्या इसी रॉड से वार कर की गई है।
हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। महिला के पति को भी पुलिस ने मौके पर बुलाया और उसने मृतका की पहचान कर ली है। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने किया जायजा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और साक्ष्य जुटाए हैं। कांगड़ा जिला पुलिस प्रमुख ने भी मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया है। उक्त क्षेत्र बेहद दुर्गम है और पूरी तरह से वन क्षेत्र है। ऐसे में वहां आम लोग नहीं आते हैं और न ही उस क्षेत्र में कोई आबादी है। ऐसे में प्रवासी महिला उस क्षेत्र में कैसे पहुंची, यह भी अपने आप में एक पहेली है।
महिला द्वारा पहनी गई चप्पलें भी आगे और पीछे पड़ी हुई थीं। डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने भी मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया है। मृतक महिला के पति का बयान दर्ज किया जा रहा है, उसके अनुसार मामला दर्ज किया जाएगा।
Next Story