हिमाचल प्रदेश

Himachal Pradesh:श्रद्धालुओं को ले जा रहा ट्रक पलटा, एक की मौत

Sarita
26 July 2025 10:16 AM IST
Himachal Pradesh:श्रद्धालुओं को ले जा रहा ट्रक पलटा, एक की मौत
x
Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के देहरा उपमंडल में मुबारिकपुर-रानीताल एनएच 503 पर स्थित ढलियारा के खतरनाक मोड़ों पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। इन 'खूनी मोड़ों' पर आए दिन हादसे होते रहते हैं और इसी कड़ी में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 4 से 5 बजे के बीच माता चिंतपूर्णी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक यहां दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ट्रक हरियाणा के जिला सिरसा के ओढां से आया था और ज्वालामुखी मंदिर में लंगर लगाने जा रहा था। ट्रक चालक लखविंदर सिंह ने बताया कि वह सुबह माता चिंतपूर्णी के दर्शन कर ज्वालाजी के लिए निकला था। लेकिन सुबह करीब साढ़े चार बजे जैसे ही वह ढलियारा के तीखे मोड़ पर पहुंचा तो ट्रक के ब्रेक अचानक फेल हो गए।
ब्रेक फेल होने के कारण ट्रक की गति तेजी से बढ़ने लगी। चालक लखविंदर सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक की गति नियंत्रित करने के लिए उसे सड़क किनारे लगे माइलस्टोन से टकरा दिया। इस टक्कर से ट्रक की गति तो धीमी हो गई, लेकिन आगे टूटे हुए क्रैश बैरियर से टकराने के बाद ट्रक पलट गया। हादसे से ठीक पहले, ट्रक में सवार कालू नाम का एक व्यक्ति कूद गया, लेकिन दुर्भाग्य से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि सड़क के किनारे मिट्टी की दीवार थी, वरना ट्रक गहरी खाई में गिर सकता था और यह हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था। घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू कर दी।
Next Story