हिमाचल प्रदेश

Himachal Pradesh: ट्रक की बैटरी फटने से लगी भयानक आग, बाल-बाल बचा ड्राइवर

Sarita
29 April 2025 8:14 AM IST
Himachal Pradesh: ट्रक की बैटरी फटने से लगी भयानक आग, बाल-बाल बचा ड्राइवर
x
Himachal Pradesh: स्थानीय उपमंडल के जलाड़ी गांव में बीती रात ट्रक की बैटरी फटने से लोहे की छड़ों से लदे ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में ट्रक चालक की जान बड़ी मुश्किल से बच पाई। गगरेट क्षेत्र के गांव अंबोटा निवासी ट्रक चालक 65 वर्षीय दया राम ने बताया कि उसने ट्रक नंबर एचपी 72-3878 में लोहे की छड़ें लोड की थीं और गगरेट से बिलासपुर के डडयोल गांव जा रहा था। रात करीब साढ़े दस बजे उसने जलाड़ी गांव में एक ढाबे से खाना पैक करवाया। जब वह वहां से करीब तीन किलोमीटर आगे भट्टा गांव के पास पहुंचा तो केबिन की सीट के नीचे रखी ट्रक की बैटरी में जोरदार धमाका हुआ और अंदर धुआं भर गया।
जब तक वह कुछ समझ पाता अंदर आग लग गई और वह आग से घिर गया। इस बीच एक स्थानीय व्यक्ति ने उसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच गई। दया राम ने बताया कि वह ट्रक के केवल कागजात ही निकाल पाए, जबकि केबिन में रखा सारा सामान और करीब पांच हजार रुपये की नकदी भी जलकर राख हो गई।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची नईदून फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया अन्यथा सामान के साथ पूरा ट्रक जलकर राख हो जाता। इस संबंध में अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र भाटिया ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत टीम को मौके पर भेज दिया गया था जिसके चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
Next Story