हिमाचल प्रदेश

Himachal Pradesh: पुलिस ने पकड़ा चिट्टा, दो युवक गिरफ्तार

Sarita
11 April 2025 11:36 AM IST
Himachal Pradesh: पुलिस ने पकड़ा चिट्टा, दो युवक गिरफ्तार
x
Himachal Pradesh: जिला पुलिस की विशेष जांच इकाई ने सोलन जिले के दाड़लाघाट थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 9 ग्राम से अधिक हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 3 अप्रैल 2025 को उस समय की गई, जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक स्विफ्ट कार में नशे की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार विशेष जांच इकाई की टीम उस दिन क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक स्विफ्ट कार बिलासपुर से भराड़ीघाट की तरफ आ रही है, जिसमें मुकेश वर्मा और हितेंद्र नाम के दो युवक भारी मात्रा में हेरोइन लेकर जा रहे हैं।
इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाकाबंदी कर उक्त वाहन को रुकवाया और उसकी जांच की। जांच के दौरान कार सवार दोनों युवकों की पहचान मुकेश वर्मा (36) और हितेंद्र (27) के रूप में हुई। दोनों भराड़ीघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनकी तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 9 ग्राम से अधिक हेरोइन बरामद हुई। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उनकी गाड़ी को जब्त कर लिया गया।
इस मामले में दाड़लाघाट थाने में केस दर्ज किया गया है। जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। मुकेश वर्मा के खिलाफ दाड़लाघाट थाने में वाहन दुर्घटना का मामला दर्ज है और बंजार (कुल्लू) थाने में नशे का मामला दर्ज है, जिसमें उसके पास से 220 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। हितेंद्र के खिलाफ भी दो मामले दर्ज हैं- एक बंजार (कुल्लू) में, जहां 355 ग्राम चरस बरामद हुई थी और दूसरा सदर बिलासपुर में, जहां 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी।
Next Story