हिमाचल प्रदेश

Himachal Pradesh: मणिकर्ण में बड़ा हादसा, गुरुद्वारे के पास भूस्खलन, 6 लोगों की मौत

Sarita
31 March 2025 6:07 AM IST
Himachal Pradesh: मणिकर्ण  में बड़ा हादसा, गुरुद्वारे के पास भूस्खलन, 6 लोगों की मौत
x

Himachal Pradesh : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल मणिकर्ण में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। गुरुद्वारे के पास अचानक भूस्खलन होने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर गुरुद्वारे के पास पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हुआ। इस दौरान एक विशाल देवदार का पेड़ मलबे के साथ गिर गया और सड़क किनारे खड़ी तीन से चार गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।

इन गाड़ियों में कई लोग सवार थे, जिनमें से कुछ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। भूस्खलन के कारण वहां मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना होते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को मलबे से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस और प्रशासन तथा दमकल की टीमें मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

कुल्लू की डिप्टी कमिश्नर (डीसी) तोरुल एस रवीश ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 6 लोगों के मरने की खबर है और कुछ लोग घायल हुए हैं। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी से गिरे मलबे को हटाने का काम जारी है और अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। इस भूस्खलन के कारण कुल्लू को मणिकरण से जोड़ने वाली मुख्य सड़क भी अवरुद्ध हो गई है, जिसे खोलने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।

Next Story