हिमाचल प्रदेश

Himachal Pradesh: झुग्गी बस्ती में आग लगने से जिंदा जला बुजुर्ग व्यक्ति मौत

Sarita
11 April 2025 10:42 AM IST
Himachal Pradesh: झुग्गी बस्ती में आग लगने से जिंदा जला बुजुर्ग व्यक्ति  मौत
x
Himachal Pradesh: पच्छाद पुलिस थाना के अंतर्गत ग्राम पंचायत दारो देवरिया में झुग्गी-झोपड़ी में लगी आग की चपेट में आने से नेपाली मूल के बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने शव को अधजली हालत में बरामद किया है। जानकारी के अनुसार दारो देवरिया पंचायत के प्रधान देवेंद्र सिंह ने पच्छाद पुलिस थाना को सूचना दी कि बरियूडी गांव में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। योगेश व देवेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों ने पुलिस को बताया कि यह शव नेपाली मूल के व्यक्ति शेर सिंह (85) का है, जो इसी स्थान पर घास-फूस की झोपड़ी बनाकर रहता था।
साथ ही वह झोपड़ी के अंदर ही चूल्हे पर खाना भी बनाता था। स्थानीय निवासी योगेश व बलदेव ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे गांव मरयोग से अजय कुमार ने उन दोनों को फोन पर बताया कि उनके गांव में आग लग गई है, जिसकी लपटें उनके गांव में भी दिखाई दे रही हैं। इस पर उन्होंने बाहर देखा तो आग योगेश की गोशाला से थोड़ी दूरी पर लगी थी। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने पाया कि शेर सिंह की दोनों टांगें और बाजू जले हुए थे। केवल हड्डियों का ढांचा और कूल्हे से सिर तक का हिस्सा बाहर से पूरी तरह जला हुआ था।
बताया जा रहा है कि मृतक का बायां पैर मौके पर नहीं मिला। इस पर स्थानीय लोगों ने बताया कि कोई कुत्ता पैर को मुंह में उठाकर जंगल की ओर चला गया। हालांकि ग्रामीणों ने कुत्ते का पीछा किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग की मौत आग की चपेट में आने से हुई है, लेकिन मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा। मामले में हर पहलू से जांच जारी है।
Next Story