हिमाचल प्रदेश

Himachal Pradesh: बस को ओवरटेक करने का प्रयास, नाबालिग बाइक सवार की मौत

Sarita
19 Jan 2026 8:14 AM IST
Himachal Pradesh:  बस को ओवरटेक करने का प्रयास,    नाबालिग बाइक सवार की मौत
x
Himachal Pradesh: पुलिस थाना सदर नाहन के अंतर्गत कांशीवाला क्षेत्र में सब्जी मंडी के सामने रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नाबालिग बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 11 बजे उस समय हुआ जब एक किशोर एचआरटीसी की बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सड़क पर अचानक आए एक पशु से उसकी बाइक टकरा गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे नजदीक के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान अमन खान (15) पुत्र अमजद अली निवासी पिपलीवाला (विक्रम बाग) तहसील नाहन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अमन अपनी बाइक पर दोसड़का की तरफ से नाहन की ओर आ रहा था।हालांकि हादसे के समय उसने हैल्मेट पहन रखा था, बावजूद इसके टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी जान नहीं बच सकी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी कच्चा टैंक के प्रभारी अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान यातायात प्रभारी विजय भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
Next Story