हिमाचल प्रदेश

हिमाचल के बागवान अमेरिकन नाशपाती से होंगे मालामाल, उद्यान विभाग उपलब्ध करवाएगा पौधे

Sarita
10 March 2022 11:29 AM IST
हिमाचल के बागवान अमेरिकन नाशपाती से होंगे मालामाल, उद्यान विभाग उपलब्ध करवाएगा पौधे
x

फाइल फोटो 

अमेरिकन किस्म की नाशपाती का उत्पादन कर हिमाचल के बागवान मालामाल होंगे।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। अमेरिकन किस्म की नाशपाती का उत्पादन कर हिमाचल के बागवान मालामाल होंगे। उद्यान विभाग बागवानों को यूएसए से आयात किए गए नाशपाती के पौधे उपलब्ध करवाने जा रहा है। एक साल पहले यह पौधे आयात किए गए थे। क्वारंटीन अवधि पूरी होने के बाद अगले हफ्ते से इन पौधों की बिक्री शुरू की जाएगी। उद्यान विभाग ने 2021 में यूएसए से अमेरिकन नाशपाती के पौधे आयात किए थे। आयातित पौधों में कोई रोग न हो और इससे बागीचों मेें कोई बीमारी न फैले इसके लिए इन पौधों को कांगड़ा के इंदौरा के समीप इंदपुर क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था।

एक साल की अवधि पूरी होने के बाद अब इन पौधों को शिमला जिले के खदराला स्थित उद्यान विभाग के बागीचे में पहुंचाया जा रहा है। खदराला बागीचे में अभी भी करीब 2 से 3 फीट बर्फ है। तापमान माइनस में होने से पौधे स्वस्थ रहेंगे और बागीचों में लगने के बाद खराब नहीं होंगे। उद्यान विभाग के विषय विशेषज्ञ समीर सिंह राणा ने बताया कि 10453 पौधों में से पहली खेप में करीब 3500 पौधे खदराला पहुंच गए हैं। 7000 पौधों की दूसरी खेप लेकर गाड़ी इंदपुर से रवाना हो गई है जो मंगलवार को खदराला पहुंच जाएगी। अगले हफ्ते से अणू में इन पौधों की 400 रुपये प्रति पौधा की दर से बिक्री शुरू हो जाएगी।
10 किस्मों के 10453 पौधों की होगी बिक्री : शर्मा
उप निदेशक बागवानी विभाग डॉ. डीआर शर्मा ने बताया कि पिछले साल यूएसए से आयात किए गए अमेरिकन नाशपाती के पौधे एक साल के क्वारंटीन के बाद बागवानों को उपलब्ध करवाए जाएंगे। 10 किस्मों के 10453 पौधों की उद्यान विभाग के खदराला स्थित बागीचे में पहुंचाने के बाद बिक्री की जाएगी।
1200 में बिक चुका है 10 किलो का बॉक्स
अमेरिकन वार्ट लेट किस्म की नाशपाती का 10 किलो का बॉक्स दिल्ली की आजादपुर फल मंडी में 1200 रुपये के रिकॉर्ड रेट पर बिक चुका है। नाशपाती रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है। हाई ब्लड प्रेशर और डाइबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद रहती है और पाचन तंत्र को भी ठीक रखती है।
नाशपाती की यह किस्में होंगी उपलब्ध
डी एंजो (पालीनाइजर)
कोलंबिया रेड डी
बार्ट लेट
शेनाडोह
ब्यूरे डी एंजो
ब्लेक्स पराईड
गोल्डन रेजेट
ब्रॉन्स ब्यूटी
सन राइज
रेड क्लेप
Next Story