हिमाचल प्रदेश

Himachal : बच्चे के सिर पर ईंट गिरने से मौत

Sarita
22 Feb 2026 12:39 PM IST
Himachal : बच्चे के सिर पर ईंट गिरने से  मौत
x
Himachal : पुलिस थाना भवारना के अंतर्गत आती पंचायत डरोह के वार्ड नंबर-5 के गांव जलाख में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक 11 साल के मासूम की जान चली गई। घर में चल रहे तोड़फोड़ के काम के दौरान दीवार की एक ईंट बच्चे के सिर पर आ गिरी, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी केहर सिंह के घर में पुरानी कच्ची रसोई को उखाड़ने का काम चल रहा था। वहां मजदूर दीवारों की ईंटें गिरा रहे थे। इसी दौरान घर और पड़ोस के कुछ बच्चे पास ही खेल रहे थे। केहर सिंह के छोटे बेटे अरुण कुमार का 11 वर्षीय बेटा ग्रितिक खेलते-खेलते अचानक वहां पहुंच गया। तभी दीवार से गिरी एक ईंट सीधे उसके सिर पर जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में बच्चे को भवारना अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया। हालांकि, परिजन उसे टांडा ले जाने के बजाय पालमपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजन बच्चे के शव को घर ले आए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का दौरा किया और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा ताकि मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सके। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
Next Story