हिमाचल प्रदेश

हर मंत्री के हवाले होंगे नगर निगम शिमला के चार वार्ड, भाजपा ने शुरू किया शेड्यूल बनाना

Renuka Sahu
1 March 2022 3:56 AM GMT
हर मंत्री के हवाले होंगे नगर निगम शिमला के चार वार्ड, भाजपा ने शुरू किया शेड्यूल बनाना
x

फाइल फोटो 

नगर निगम शिमला के चुनावों के लिए भाजपा ने कमर कस ली है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। नगर निगम शिमला के चुनावों के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। सरकार के हर मंत्री के हवाले नगर निगम के चार वार्ड करने की तैयारी है। भाजपा ने निगम चुनावों की जिम्मेवारियां देने को शेड्यूल बनाना शुरू कर दिया है। स्थानीय विधायक और शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के अलावा शेष 10 कैबिनेट मंत्रियों के साथ वार्ड वाइज भाजपा विधायक अटैच किए जाएंगे। भारद्वाज के पास पूरे चुनाव का जिम्मा रहेगा। अप्रैल-मई में नगर निगम शिमला के 41 वार्डों में चुनाव प्रस्तावित हैं। विधानसभा का बजट सत्र समाप्त होते ही शिमला में चुनावी सरगर्मियां बढ़ेंगी।

इस वर्ष के अंत में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से पहले नगर निगम शिमला के चुनावों को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है। शिमला में प्रदेश के हर हिस्से से लोग रहते हैं। निगम चुनावों के परिणामों का प्रदेश की राजनीति में एक अलग संदेश जाता है। ऐसे में भाजपा ने इन चुनावों को लेकर अभी से गंभीरता दिखाना शुरू कर दिया है। गत रविवार को प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने शिमला पहुंचकर निगम चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री सहित भाजपा पदाधिकारियों के साथ मंथन किया। सोमवार को भी टंडन ने शिमला भाजपा के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
अब भाजपा ने चुनावों के लिए मंत्रियों को वार्डों में उतारने की तैयारी शुरू की है। नगर निगम शिमला के अभी 34 वार्ड हैं। इनकी संख्या बढ़ाकर 41 की जा रही है। शिमला शहर, शिमला ग्रामीण और कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के तहत निगम के यह वार्ड आते हैं। शिमला शहर से स्थानीय विधायक और शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के लिए भी निगम चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल है। सरकार और भाजपा निगम में कब्जा करने के लिए हरसंभव प्रयास करने में जुट गई है। इनकी देखरेख में चुनाव होंगे। शेष दस मंत्री वार्डों की जिम्मेवारियां संभालेंगे।
Next Story