हिमाचल प्रदेश

जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच रही आर्थिक मदद, जयराम ठाकुर बोले

Gulabi Jagat
15 Aug 2023 11:10 AM GMT
जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच रही आर्थिक मदद, जयराम ठाकुर बोले
x
धर्मशाला: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आपदा के दौरान केंद्र से मिल रही आर्थिक मदद को पात्र व्यक्तियों तक नहीं पहुंचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रभावितों को मिलने वाली राहत राशि को कांगे्रस नेताओं के परिजन व कार्यकर्ता बांटकर फोटो खिंचवा रहे हैं, जो काफी सोचनीय विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक जिम्मेदार पार्टी है। आपदा के दौरान हिमाचल में हुए नुकसान को लेकर विपक्ष ने जहां फील्ड में उतरकर लोगों की मदद की है, वहीं केंद्र से आर्थिक मदद भी दिलवाई है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार भले ही बार-बार केंद्र से मदद न मिलने के आरोप लगा रही हो, लेकिन हकीकत यह है कि हिमाचल को शुरुआती दौर में ही आर्थिक मदद दी गई है। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महज आठ माह में कांगे्रस सरकार की लोकप्रियता रसातल में चली गई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत बदतर है। आठ माह में ही पौने दो सौ हत्या के मामले सामने आए हैं। प्रदेश के इतिहास में इस तरह की कानून व्यवस्था कभी नहीं थी। जो उद्योग हिमाचल प्रदेश में आते थे, आज माफियाराज से डरकर हिमाचल से जाना चाहते हैं।
विभाजन दुखदायी
भारत-पाकिस्तान विभाजन स्मृति दिवस के रूप में सोमवार को धर्मशाला में जिला भाजपा ने विभाजन विभीषिका कार्यक्रम आयोजन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान विभाजन के समय विस्थापित होकर जिला कांगड़ा में बसे लोगों एवं परिवारों के सदस्यों को सम्मानित किया गया। श्री ठाकुर ने कहा कि विभाजन दुखदायी था, लेकिन उसे समरण करना भी आवश्यक है।
कभी नहीं भरे जा सकते आपदा से मिले जख्म
शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश में आपदा से हुए नुक़सान पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आपदा में असमय काल कवलित हुए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह आपदा इतने गहरे जख्म दे गई, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता। उन्होंने शोक संतृप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें इस असहनीय दु:ख में संबल प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश से आई आपदा के बाबत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और आपदा से प्रदेश को हुए जानमाल के नुक़सान से अवगत करवाया। गृहमंत्री अमित शाह ने प्रदेश में आपदा के कारण हुई मृत्यु पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में वह शोकसंतप्त परिवारों के साथ हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अमित शाह जी ने बताया कि आपदा में राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ़ की टीमें भेज दी गई हैं।
Next Story