हिमाचल प्रदेश

धारावाहिक रामायण में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण को सामने देख भावुक प्रशंसक

Gulabi Jagat
14 Jun 2022 5:49 AM GMT
धारावाहिक रामायण में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण को सामने देख भावुक प्रशंसक
x
राम का किरदार निभाने वाले अरुण को सामने देख भावुक प्रशंसक
लोगों के दिलों में 'राम' बनकर राज करने वाले अरुण गोविल आज भी प्रशंसकों के दिलों में बसे हैं। सोमवार को अभिनेता अरुण गोविल ऐतिहासिक गेयटी थियेटर देखने पहुंचे। उनके साथ पत्नी श्रीलेखा भी मौजूद थीं। दोनों ने गेयटी के गौथिक शैली में बने ऐतिहासिक थियेटर का दीदार किया। इस दौरान दोनों ने गेयटी को कैमरे में कैद किया और सेल्फी भी ली। इस दौरान धारावाहिक रामायण में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण को सामने देखकर प्रशंसक भावुक हो गए और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए होड़ मच गई।
सोमवार दोपहर करीब 12:13 बजे अरुण गोविल पत्नी श्रीलेखा के साथ माल रोड पहुंचे। इस दौरान अरुण गौथिक शैली में बने एशिया के एकमात्र थियेटर को जानने के लिए उत्सुक दिखे। उन्होंने कर्मचारी अनिल से पूछा कि थियेटर होते हैं। अनिल ने झट से कहा, जी सर। अनिल ने कहा कि थियेटर आज भी मेन्युअली ऑपरेट होते हैं। थियेटर के पर्दे हाथ से खींचे जाते हैं।
इसके साथ ही माइक की जरूरत नहीं पड़ती है। अरुण बहुत खुश हुए और कहा कि गेयटी को अच्छी तरह से मेंटेन किया है। इसी बीच गेयटी से बाहर निकलते की प्रशंसक उनके साथ सेल्फी लेने को बेताब दिखे। अरुण ने भी प्रशंसकों का आग्रह नहीं ठुकराया। अमर उजाला से बातचीत में अरुण ने बताया कि शिमला बहुत खूबसूरत है। श्रीलेखा को शिमला का मौसम बहुत रास आया।
36 साल पहले रामायण में निभाया था 'राम' का किरदार
36 साल पहले छोटे पर्दे पर रामायण की शुरुआत हुई थी, तो पूरे देश में एक अलग ही माहौल था। इस ऐतिहासिक सीरियल को देखने के लिए बाजार बंद हो जाते थे। लोग टीवी के सामने बैठते तो सीरियल खत्म होने के बाद ही उठते। यह धार्मिक सीरियल भगवान राम के किरदार के इर्द-गिर्द ही घूूमता है। रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण में अरुण गोविल ने इस किरदार को निभाया था। 'रामायण' के राम यानी अरुण गोविल घर-घर में राम की तरह पूजे जाने लगे। एक समय था, जब इन्हें देखते की लोग हाथ जोड़ लिया करते थे। आज भी अरुण राम के रूप में पहचाने जाते हैं।
अरुण गोविल के साथ ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी राज्यपाल और सीएम से मिले
रामायण में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल के साथ ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और सीएम जयराम ठाकुर से मिले। राज्यपाल ने उनका हिमाचली टोपी और शॉल भेंट कर स्वागम किया। मुख्यमंत्री ने भी ओकओवर शिमला में ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी और अरुण गोविल के शिमला आगमन पर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू आदि उपस्थित रहे।
Next Story