हिमाचल प्रदेश

चार जिलों के दौरे के बाद शिमला लौटी शिक्षा विभाग की टीम, डे-बोर्डिंग स्कूलों की साइट का निरीक्षण

Gulabi Jagat
30 Sep 2023 11:30 AM GMT
चार जिलों के दौरे के बाद शिमला लौटी शिक्षा विभाग की टीम, डे-बोर्डिंग स्कूलों की साइट का निरीक्षण
x
शिमला: राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों की साइट निरीक्षण के बाद शिक्षा विभाग की विशेष कमेटी शुक्रवार को शिमला लौटी है। अब राज्य सचिवालय में स्कूल निर्माण को लेकर कमेटी द्वारा रिपोर्ट तैयार करके सरकार को सौंपी जाएगी। इसके बाद ही तय होगा कि कितने स्कूलों की जमीन कमेटी के मानकों पर खरी नहीं उतरी है। कमेटी की रिपोर्ट के बाद कुछ स्कूल के लिए चयनित जमीन कैंसिल भी हो सकती है। राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों के लिए गठित विशेष जांच कमेटी ने पिछले दिनों चार जिलो बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और ऊना जिला का दौरा कर स्कूल निर्माण के लिए चिन्हित जमीन सहित अन्य बिंदुओं की जांच की। अब रिपोर्ट के बाद ही इन जिलों मं राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण पर फाइनल मुहर लगेगी।
वहीं प्रदेश के 18 विधानसभा क्षेत्रों में बनने वाले डे-बोर्डिंग स्कूलों को प्रशासनिक मंजूरी के बाद बजट की पहली किस्त जारी की गई थी। शिक्षा विभाग के अनुसार स्कूलों के निर्माण को पहली किस्त के रूप में डेढ़ करोड़ प्रति स्कूल के हिसाब से राशि जारी कर दी गई है। इन 18 स्कूलों में बिलासपुर में विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं, हमीरपुर में नादौन, बड़सर, भोरंज, सुजानपुर, कांगड़ा में जवाली, जसवां परागपुर, जयसिंहपुर, पालमपुर, नगरोटा बगवां, फतेहपुर, ज्वालामुखी और शाहपुर क्षेत्र शामिल हैं।
ईसी और कोर्ट चुनाव में कांग्रेस-माकपा का परचम
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद (ईसी) और विश्वविद्यालय कोर्ट सदस्य के शुक्रवार को हुए चुनाव में कांग्रेस-माकपा विचारधारा के कर्मचारियों ने जीत हासिल कर परचम फहराया। चुनाव में ईसी सदस्य के पद पर कांग्रेस और माकपा गठबंधन की ओर से मैदान में उतरे गीता राम ने 278 मतों से जीत दर्ज की है, उन्हें 712 वैध मतों में से 495 वोट पड़े। वहीं भाजपा समर्थित उम्मीदवार प्रेम राज को 217 वोट पड़े। इसके अलावा कोर्ट सदस्य के लिए कांग्रेस-माकपा समर्थित देविंद्र कुमार ने 151 वोटों से जीत दर्ज की है।
उन्हें कुल वैध मतों में से 434 वोट पड़े, वहीं भाजपा समर्थित शिवानी भाटिया को महज 283 वोट पड़े हैं। दोनों पदों के लिए कुल 835 कर्मचारियों में से 730 ने अपने मत का प्रयोग किया, जिसमें ईसी सदस्य के लिए 18 वोट, कोर्ट सदस्य के लिए 13 वोट अवैध घोषित किए गए। कांग्रेस व माकपा समर्थित अलांयस की यह लगातार तीसरी जीत है। चुनाव के रिटर्निंग आफिसर व विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. वीरेंद्र शर्मा ने विजयी उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक रूप से घोषणा कर दी है।
आईआईटी कैटलिस्ट के हिमालयन स्टार्टअप ट्रैक की शुरुआत आज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी में स्थित टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर, कैटलिस्ट, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग जलवायु परिवर्तन और स्वच्छ ऊर्जा प्रभाग के सहयोग से हिमालयन स्टार्टअप ट्रैक एचएसटी के सातवें संस्करण का आयोजन कर रहा है। यह आयोजन 30 सितंबर से पहली अक्तूबर तक होगा। हिमाचल प्रदेश उद्योग विभाग का एचपी सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट भी इस आयोजन में सहयोग कर रहा है। हिमालयन स्टार्टअप ट्रेक 2023 में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार को मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। आईआईटी मंडी कैटलिस्ट द्वारा पिछले सात वर्षों से हिमालयी स्टार्टअप ट्रेक एचएसटी का आयोजन किया जा रहा है। हिमालयन शब्द पर्यावरण के प्रति जागरूक समाधानों को प्रस्तुत करने के लिए कैटलिस्ट की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और स्टार्टअप ट्रैक उभरते हुए स्टार्टअप संस्थापकों की उत्साही स्टार्टअप यात्रा का प्रतीक है। एचएसटी के इस सातवें संस्करण में लगभग 500 लोगों के आने की उम्मीद है।
Next Story