हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: सांसद-विधायक निधि परियोजनाएं जल्द पूरी करने के निर्देश

Admindelhi1
21 April 2026 10:02 AM IST
Dharamshala: सांसद-विधायक निधि परियोजनाएं जल्द पूरी करने के निर्देश
x

धर्मशाला: लोकसभा सांसद डाॅ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि सांसद निधि और विधायक निधि के तहत स्वीकृत सभी विकास कार्यों को बिना किसी देरी के पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में ढिलाई या लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सांसद ने विकास खंड अधिकारियों और स्थानीय निकायों के कार्यकारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किए जाएं।

सोमवार को धर्मशाला स्थित स्कूल शिक्षा बोर्ड के सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद ने केंद्र प्रायोजित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक पैचवर्क एवं मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। सांसद ने जौंटा और भाली क्षेत्रों में घरों को हुए नुकसान पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सांसद ने शाहपुर और रानीताल क्षेत्रों में बढ़ते यातायात को देखते हुए ओवरब्रिज या अंडरपास निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल दुर्घटनाओं को कम करेगा बल्कि स्थानीय लोगों की आवाजाही को भी सुरक्षित और सुगम बनाएगा। फोरलेन निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित और कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या संरचनात्मक समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए अलग से बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि सभी समस्याओं का समग्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही उन्होंने बस स्टैंडों पर सोलर लाइट्स लगाने के निर्देश भी दिए।

सांसद डाॅ. भारद्वाज ने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर करती है। इस अवसर पर सांसद ने नेत्रदान करने की अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए समाज में जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि डाॅ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल काॅलेज टांडा में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र सरकार हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।

सांसद ने हिमऊर्जा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोलर लाइट्स की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि गुणवत्ता में कमी होगी तो इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। खराब लाईट्स को भी समय पर मरम्मत किया जाए। विद्युत विभाग को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में फैली गलतफहमियों को दूर करने के लिए गांव-गांव में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। लोगों को इसके लाभों के बारे में सही जानकारी देना आवश्यक है।

बैठक में विधायक रणवीर निक्का, पवन काजल सहित अन्य गैर-सरकारी सदस्यों ने भी विकास कार्यों को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने कहा कि बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Next Story