हिमाचल प्रदेश

देवता माहुटीनाग के दर्शनों को उमड़ा जनसैलाब

Shantanu Roy
25 Feb 2024 11:08 AM GMT
देवता माहुटीनाग के दर्शनों को उमड़ा जनसैलाब
x
कुल्लू। देवभूमि कुल्लू की खराहल घाटी के कोट में जैसे ही अराध्य देवता माहुटीनाग फागली उत्सव की बेला पर मंदिर से बाहर निकले तो आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देवभूमि कुल्लू के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं ने फागली उत्सव के मौके पर देवता माहुटीनाग के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, खुश होकर श्रद्धालु देवता माहुटी नाग के दर से अपने-अपने घर पहुंचे। शनिवार को खराहल घाटी के कोट गांव में माहुटीनाग के सम्मान में फागली उत्सव मनाया गया। यह फागली उत्सव देवता माहुटी नाग का मुख्य त्योहार माना जाता है। वहीं, शनिवार को माहुटी नाग के कोट मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा पड़ा। सुबह पूजा-अर्चना मंदिर में हुई। देवता रथ में विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देने के लिए मंदिर से बाहर निकले। ढौंउस, ढोल, नगाड़ों और नरसिंगों की स्वरलहरियों के साथ मंदिर परिसर तक लाया गया, वहां पर कारकूनों ने देव रिवायतों को बखूबी से निभाया।
वहीं, देवभार्था और देवखेल फागली उत्सव में मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। देवता माहुटी नाग के कारदार लाल चंद ने बताया फागली उत्सव को प्राचीनतंम परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी मनाया गया। देवता के दर्शनों को मंदिर में भक्तों की कतारें लगी। मंदिर में वाद्ययंत्रों की देवधूनों पर देवता की देवविधि को पूरा किया गया। बर्फ केे साथ देवता माहुटी नाग के गूर की देव खेल आकर्षण का केंद्र रही। ढ़ोल नगाड़ों की थाप पर देवता ने देवनृत्य भी किया। श्रद्धालुओं ने देवता के पास पूछ भी डाली। इस दौरान गांव में मेहमानबाजी का दौर भी जारी रहा। इससे पहले सुबह देवता के करडू को सजाया गया। देवता के प्राचीन मंदिर में देव पूजन की प्रक्रिया हुई। देव पूजन के बाद देव खेल हुई। शाम को देवता अपने भंडार वापस आए। माहुटी नाग के कारदार लालचंद ठाकुर का कहना है माहुटी नाग की फागली धूमधाम से मनाई गई। काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने देवता के दर पहुंचकर माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया।
Next Story