हिमाचल प्रदेश

सहकारी सभाएं नए आयाम करेंगी स्थापित

Shantanu Roy
11 Oct 2023 6:00 PM IST
सहकारी सभाएं नए आयाम करेंगी स्थापित
x
भराड़ी। एचपी स्टेट को-आपरेटिव बैंक बिलासपुर जोन के डायरेक्टर डा. जगदीश शर्मा ने बताया कि सहकारी सभाओं की समस्याओं के निवारण के लिए पंजाब और प्रदेश के सहकारिता विशेषज्ञों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ, नई दिल्ली तथा सहकारिता विभाग के अधिकारियों व मुख्य कार्यकारी अधिकारी सावित्री सिंह के साथ बैठक की, जिसमें सभाओं की समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। भारत सरकार की ओर से सभाओं में आधुनिक वाइलॉज लागू करने की प्रक्रिया को सराहते हुए प्रतिनिधिमंडल ने सहकारिता मंत्रालय के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में पंजाब की अंतरराष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त द लांबडा कांगड़ी बहुलक्षीय सहकारी सोसायटी, जिला हाशियारपुर के सचिव जसविंद्र सिंह, पंजाब के पूर्व उप रजिस्ट्रार अमरपाल सिंह भुल्लर, प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक डा. जगदीश शर्मा शामिल थे। इस मौके पर पंजाब और हिमाचल प्रदेश की सहाकारी सभाओं के कर्मचारियों व पदाधिकारियों को पेशेवर कलाओं में निपुण करने के उद्देश्य पर विशेष चर्चा की गई।
डा. जगदीश शर्मा ने आह्वान किया कि नई दिल्ली प्रशिक्षण केंद्र के अंतर्गत चल रहे विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में कृषि, मत्स्य उपभोक्ता, ट्रांसपोर्ट जैसी सहकारी सभाओं के प्रतिभागियों को शामिल किया गया। इस सुझाव को जसविंद्र सिंह तथा अमरपाल सिंह भुल्लर ने उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी से आग्रह करते हुए लागू करने के लिए कदम उठाने की अपील की। वहीं उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी सावित्री सिंह ने सुझावों को स्वीकारते हुए अपने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में पंजाब तथा प्रदेश की प्राथमिक सहकारी सभाओं को संघ के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में स्थान दिया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने उक्त अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इससे दोनों राज्यों की सहकारी सभाएं प्रशिक्षण लेकर नए आयाम स्थापित करेगी,जिससे सहाकारिता आंदोलन में नई ऊर्जा व शक्ति का संचार होगा। इस मौके पर सहकारी संस्थानों के प्रतिनिधियों की ओर से उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी सावित्री सिंह को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।
Next Story