हिमाचल प्रदेश

कांग्रेस ने पेश किया जनता के सामने झूठे वादों का पुलिंदा - डॉ. राजीव बिंदल

Sanjna Verma
28 May 2024 5:00 PM GMT
कांग्रेस ने पेश किया जनता के सामने झूठे वादों का पुलिंदा -  डॉ. राजीव बिंदल
x
हिमाचल प्रदेश : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में आने के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता के सामने झूठे वादों का एक बड़ा पुलिंदा पेश किया था। डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने वादा किया था कि पहली कैबिनेट बैठक में 22 लाख बहनों को हर महीने 1500 रुपये मिलेंगे।
25 लाख बिजली के उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी। पहली कैबिनेट में 1 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी और 25 लाख किसानों का दूध और गोबर खरीदा जाएगा। इस तरह की अनेक घोषणाओं के माध्यम से कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की दीवारों को भर दिया था। डॉ. बिंदल ने कहा कि डेढ़ साल के बाद भी कांग्रेस सरकार बैक गियर में ही चल रही है। वे कहते हैं कि हमारा खजाना खाली है, फिर कहते हैं कि हमें केंद्र से कोई मदद नहीं मिलती और फिर भाजपा पर विरोध करने का आरोप लगाते हैं। अब जब चुनाव हैं, तो फिर से कांग्रेस झूठे वादों के साथ मैदान में उतर आई है। दिल्ली वाले फिर से आकर पहली कैबिनेट की बात कर रहे हैं और अब कह रहे हैं कि 1 लाख रुपये बहनों को देंगे।
उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस ने हिमाचल की जनता को मूर्ख बनाने का ठेका ले रखा है? हिमाचल की जनता समझदार है और जानती है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने एक फूटी कौड़ी का भी काम नहीं किया। प्रदेश की जनता जानती है कि हिमाचल का भविष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मे सुरक्षित है। कांग्रेस पार्टी न तो हिमाचल की भावनाओं के अनुरूप काम कर रही है और न ही तुष्टिकरण के नाम पर वोट मांगने की राजनीति से बाज आ रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल की जनता अब सवाल पूछ रही है कि 2022 में आपने जो बड़ी-बड़ी बातें की थीं, अब उन्हें दोबारा से क्यों दोहराया जा रहा है? उन्होंने कहा कि आज हिमाचल की जनता ने मन बना लिया है कि न तो यह सरकार हिमाचल में रहेगी और न ही इनके झूठे वादे। हिमाचल की जनता नरेंद्र मोदी की सरकार को दिल्ली में फिर से देखना चाहती है।
Next Story