- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- CM की कंगना के घर...
हिमाचल प्रदेश
CM की कंगना के घर दस्तक, आधे घंटे की मुलाकात ने सियासी चर्चाओं को दी हवा
Gulabi Jagat
11 Oct 2022 12:40 PM IST

x
मनाली। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के समापन को पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार सुबह मनाली का दौरा किया। इस दौरान मनाली में आए भारत के प्रसिद्ध संत मुरारी बापू के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दर्शन किए, तो वहीं सिमसा में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत से मिलने पहुंचे।
इस दौरान कंगना रनौत के माता-पिता भी उपस्थित रहे और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनके साथ सुबह का नाश्ता किया। मुख्यमंत्री के साथ मनाली के स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर भी मौजूद रहे। उन्होंने कंगना रनौत के साथ भेंट की। आधा घंटा से ज्यादा दोनों के बीच मंत्रणा हुई है। हालांकि इस मुलाकात के दौरान क्या बातचीत हुई, इस बारे में कुछ सामने नहीं आ पाया है, लेकिन चुनाव की दहलीज़ पर खड़े हिमाचल प्रदेश में इस मुलाकात को राजनीति से जोडक़र देखा जा रहा है।
बीते दिनों ही कंगना रनौत सुकून के पल बिताने मनाली पहुंची हैं। कंगना ने मनाली के सिमसा में अपना आशियाना बनाया हुआ है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की किसी को खबर नहीं थी। अचानक सुबह पौने नौ बजे सीएम का काफिला मनाली सर्किट हाउस से निकला और सीधे सिमसा जाकर रुका। लोगों को लगा कि काफिला शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर के घर जा रहा है, लेकिन काफिला सीधा कंगना रनौत के घर पहुंच गया।
क्या इलेक्शन लडऩे वाली हैं कंगना?
बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत के घर के आसपास रहने वाले लोग सुबह सुबह सीएम के काफिले को सिमसा में देख हैरान हो गए। मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री ने आधा घंटा कंगना से शिष्टाचार भेंट की। हालांकि शिक्षा मंत्री तो पड़ोसी होने के नाते कंगना से मिलते रहते हैं, लेकिन सीएम मोदी पहली बार कंगना से मिलने सिमसा पहुंचे। गौर रहे कि कंगना रनौत का भारतीय जनता पार्टी की ओर झुकाव ज्यादा है। वह पीएम मोदी से भी काफी प्रभावित हैं व कई बार उनके कार्यों की तारीफ कर चुकी हैं। अब चुनावी बेला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अचानक बॉलीवुड अभिनेत्री से मुलाकात कई तरह के कयास लगा रही है। चर्चा यह भी तेज हो गई है कि क्या कंगना चुनाव लडऩे जा रही हैं।
Next Story





