हिमाचल प्रदेश

प्रदेश के दो शहरों को स्वच्छ वायु में राष्ट्रीय पुरस्कार पर सीएम ने दी बधाई

Shantanu Roy
9 Sep 2023 12:25 PM GMT
प्रदेश के दो शहरों को स्वच्छ वायु में राष्ट्रीय पुरस्कार पर सीएम ने दी बधाई
x
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के दो औद्योगिक शहरों परवाणू और काला अंब को प्रतिष्ठित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2023 राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर प्रदेश के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार जिम्मेदार और पर्यावरण के प्रति जागरूक पर्यटन, स्थानीय समुदायों के सक्रिय सहयोग और सरकारी एजेंसियों के समन्वित और निरंतर प्रयासों के कारण संभव हो सका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण के साथ संतुलन बनाए रखते हुए सत्त विकास हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण-चेतना के बीच सामंजस्य की दृष्टि से प्रदेश हरित राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सभी हितधारकों के सहयोग से 31 मार्च, 2026 तक हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य के रूप में विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस उद्देश्य के प्रति प्रतिबद्धता राज्य के बजट में स्पष्ट रूप से दर्शाई गई है, जो हरित ऊर्जा पहल को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश निरंतर जीवाश्म ईंधन पर अपनी निर्भरता कम कर रहा है और ई-वाहनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ग्रीन कॉरिडोर स्थापित कर रहा है, जिससे यह अग्रणी कदम उठाने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। हरित हाइड्रोजन उत्पादन के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं और निकट भविष्य में सकारात्मक परिणाम आने की आशा है। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू का कहना है कि राज्य में सौर और पवन ऊर्जा के दोहन के प्रयासों को भी गति प्रदान की जा रही है।
Next Story