हिमाचल प्रदेश

मौसम साफ, सेब सीजन ने पकड़ी रफ्तार

Gulabi Jagat
31 Aug 2023 12:58 PM GMT
मौसम साफ, सेब सीजन ने पकड़ी रफ्तार
x
शिमला: प्रदेश में सेब सीजन ने इन दिनों रफ्तार पकड़ ली है। मौसम साफ होने व सडक़ें बहाल होने के बाद बागबान अपनी फसल लेकर मंडियों में पहुंच रहे है। एचपी स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से 65 लाख बॉक्स सेब बाहरी राज्यों को सप्लाई किया जा चुका है। इसमें से करीब 36 लाख बॉक्स प्रदेश की विभिन्न मंडियों में बिकने के बाद बाहर सप्लाई हुए। 29 लाख बॉक्स सीधा बागबानों व व्यापारियों द्वारा बाहर भेजे गए है। वहीं अभी उंचाई वाले क्षेत्रों में सेब की फसल तैयार है, जो जल्द ही मार्केट में आएगी।
इसके अलावा जिला किन्नौर में अक्तूबर माह के बाद ही सेब सीजन चलता है। मार्केटिंग बोर्ड के पदाधिकारियों का कहना है कि सीजन के शुरुआत से ही इस बार बागबानों को सेब का उचित दाम मिला है। सीजन की शुरुआत से अब तक 25 से तीन हजार रुपए प्रति बॉक्स तक सेब के दाम मिले है। अकेले कृषि उपज मंडी समिति के अंतर्गत सोलन व परवाणू फल मंडी में अब तक दस लाख बॉक्स सेब का कारोबार हो चुका है। सरकार की घोषणा के अनुसार सेब किलो के हिसाब से बिक रहा है। -एचडीएम
प्रदेश में मौसम की मार से घटा सेब उत्पादन
प्रदेश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान देने वाले सेब के उत्पादन में गिरावट देखी जा रही है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि मौसम की मार के कारण इस बार सेब का उत्पादन पिछले साल के मुकाबले आधा रह सकता है। पिछले वर्ष की बात करें तो प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक बॉक्स सेब का उत्पादन हुआ था।
सेब के साइज पर असर
नौणी विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिक डा. एसके भारद्वाज का कहना है कि लगातार बारिश के चलते इस बार जहां सेब का उत्पादन गिरा है, वहीं बारिश से सेब के साइज पर असर पड़ा है। इस बार सेब का साइज भी कम रह गया।
29 लाख बॉक्स खुद भेजे
सीनियर मार्केटिंग ऑफिसर एचपी स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड अनिल चौहान ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से सेब के 65 लाख बॉक्स बाहरी राज्यों को सप्लाई किया जा चुका है। इसमें से करीब 36 लाख बॉक्स प्रदेश की विभिन्न मंडियों में बिकने के बाद बाहर सप्लाई हुए। 29 लाख बॉक्स सीधा बागबानों व व्यापारियों द्वारा बाहर भेजे गए है।
Next Story